जयपुर में युवती ने पुलिसकर्मी पर अभद्र व्यवहार और पीछा करने का लगाया आरोप
निसं
जयपुर (नवयत्न) । राजधानी जयपुर में एक युवती ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर पुलिसकर्मी पर अभद्र व्यवहार करने और परेशान करने का आरोप लगाया है। युवती का दावा है कि मानसरोवर स्थित पैसिफिक मॉल से ऑटो में बैठकर जाते समय एक कार ने उसका पीछा किया। कार में सवार पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर ऑटो चालक से उसका मोबाइल नंबर मांगने के लिए कहा और अभद्र इशारे भी किए। युवती ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड करने के साथ ही कार का नंबर भी अपने पास होने की बात कही है।
युवती के अनुसा यह घटना रविवार की है। उसने घटना का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया है। वीडियो में युवती ने बताया कि उसे जयपुर में रहते हुए 20 साल से अधिक हो गए हैं, लेकिन इस घटना के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान है और दो दिन से रो रही है। उसका कहना है कि वह पैसिफिक मॉल के सामने ऑटो में बैठी थी, तभी एक कार उसका पीछा करने लगी। युवती ने आरोप लगाया कि कार पुलिस की थी और उसमें मौजूद कांस्टेबल ने ऑटो चालक से उसका मोबाइल नंबर मांगने को कहा।
युवती ने वीडियो में जयपुर में महिला सुरक्षा को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि शहर में सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले ही इस तरह का व्यवहार करेंगे तो लड़कियां शिकायत किससे करेंगी। उसने कहा कि दूसरों से सुरक्षा की उम्मीद करने से पहले जरूरी है कि जयपुर पुलिस शहर की लड़कियों को सुरक्षित महसूस करवाए। युवती ने सोशल मीडिया के कमेंट बॉक्स में लोगों से यह भी पूछा कि उसे इस मामले की शिकायत किस अधिकारी से करनी चाहिए।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो के संबंध में जानकारी ली जा रही है। मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ न्यायोचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवती की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।