बेकाबू कार डिवाइडर से टकराकर तीन बार पलटी, एक की मौत, पांच घायल

निसं
जयपुर (नवयत्न) । राजधानी जयपुर के निवारू रोड बाइपास पर सोमवार देर रात तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार तीन बार पलट गई। हादसे में कार सवार उदयपाल सिंह की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। इनमें एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतक का शव कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
करधनी थाने के एसआई मुकेश सिंह ने बताया कि हादसा देर रात करीब दो बजे निवारू बाइपास पर हुआ। कार नंबर आरजे 21 सीबी 6176 में छह लोग सवार थे। कार निवारू की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही थी। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार डिवाइडर से टकराकर कई बार पलट गई। हादसे में उदयपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे कांवटिया अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
परमवीर के सिर में गंभीर चोट, ट्रॉमा सेंटर में भर्ती
हादसे में घायल परमवीर सिंह के सिर में गंभीर चोट आई है और कान से खून निकल रहा था। उसे सवाई मानसिंह अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं, मूंडियावास निवासी भारत सिंह और भीम सिंह तथा ब्यावर निवासी सुरेंद्र सिंह सहित अन्य घायलों को भी अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस के अनुसार, हादसे में कुल पांच लोग घायल हुए थे।
कार से उछलकर बाहर गिरे तीन लोग
प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, वह अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान निवारू की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही कार अचानक डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार कई बार पलटी और हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार तीन लोग उछलकर बाहर जा गिरे।
पुलिस के अनुसार मृतक उदयपाल सिंह के निवास स्थान और परिजनों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव उन्हें सौंपा जाएगा। फिलहाल मृतक का पोस्टमार्टम नहीं हुआ है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

You might also like