पेट्रोल पंप के पास खड़ी कार में लगी आग
निसं
जयपुर (नवयत्न)। शहर के कर्बला इलाके में पेट्रोल पंप के पास खड़ी एक कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। कार से आग की लपटें उठती देख पेट्रोल पंप कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। खास बात यह रही कि आग की चपेट में आई कार से महज 20 मीटर की दूरी पर पेट्रोल से भरा टैंकर खड़ा था। ऐसे में आग फैलने पर बड़ा हादसा हो सकता था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने तत्काल फायर सिलेंडर लेकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कुछ युवक भी अपनी जान की परवाह किए बिना मदद के लिए आगे आए। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझने से संभावित बड़ा हादसा टल गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें कार में आग लगते ही कुछ लोग मौके से दूर जाते दिखाई दे रहे हैं, जबकि पंप कर्मचारी और कुछ युवक आग बुझाने में जुटे नजर आ रहे हैं। आग बुझने के बाद कार चालक ने दूसरी गाड़ी की मदद से कार को टोचिंग करवाया और मौके से रवाना हो गया। बताया गया कि कार रामगढ़ मोड़ होते हुए जयसिंहपुरा खोर की ओर जा रही थी। कार में आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।