ग्राहक बनकर शोरूम में आए बदमाश दो सोने की चेन लेकर फरार
निसं
जयपुर (नवयत्न)। माणक चौक थाना क्षेत्र के हल्दियों का रास्ता स्थित शारदा चेन शोरूम में ग्राहक बनकर आए एक व्यक्ति ने दो सोने की चेन चोरी कर ली। वारदात 12 नवंबर को शाम करीब 5 बजे हुई। शोरूम मालिक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार शोरूम मालिक दीपक महरवाल निवासी देव चिरंजीव कॉलोनी गोपालपुरा बाइपास ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि आरोपी ग्राहक बनकर शोरूम में आया और मौका पाकर दो सोने की चेन लेकर फरार हो गया। थानाधिकारी राकेश ख्यालिया ने बताया कि पीड़ित ने वारदात का सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध करवाया है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।