दस महीने से फरार गांजा विक्रेता गिरफ्तार

निसं
जयपुर (नवयत्न) । सेज थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा बेचने के मामले में करीब 10 महीने से फरार चल रहे आरोपी हाकम सिंह सांसी (53) को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी हाकम सिंह मूल रूप से टोंक जिले के दूनी थाना क्षेत्र के पोल्याडा गांव की सांसीयों की ढाणी का निवासी है। वर्तमान में वह बगरू की बंजारा कच्ची बस्ती, रीको एरिया में रह रहा था। आरोपी को 24 नवंबर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस उससे मादक पदार्थों के सप्लायरों और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशान्त किरण के अनुसार आरोपी संगठित रूप से अवैध मादक पदार्थों के खरीद-फरोख्त में शामिल रहा है। उसके खिलाफ मादक पदार्थों, हथकढ़ शराब और देशी शराब से जुड़े कुल आठ मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से अवैध मादक पदार्थों के सप्लायरों और अन्य संपर्कों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
थानाधिकारी उदय सिंह शेखावत के अनुसार अवैध मादक पदार्थों की बिक्री की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 9 फरवरी 2026 को थानाधिकारी निरीक्षक राजेन्द्र गोदारा ने बंजारा कच्ची बस्ती, रीको एरिया बगरू में आरोपी के मकान के सामने कार्रवाई की थी। पुलिस के अनुसार आरोपी वहां अवैध रूप से गांजा और देशी शराब बेच रहा था। पुलिस वाहन देखकर वह गांजा, देशी शराब, बिक्री की राशि और मोबाइल फोन मौके पर छोड़कर झाड़ियों में भाग गया था। पुलिस ने मौके से 534 ग्राम शुद्ध गांजा, बिक्री के 2,400 रुपए और मोबाइल फोन जब्त किए थे। इस संबंध में प्रकरण दर्ज किया गया था।

You might also like