सींवा गांव में डेढ़ माह से बंद पड़े जलदाय विभाग के पांच ट्यूबवेल, पेयजल संकट गहराया
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। तहसील के सींवा गांव में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के पांच ट्यूबवेल पिछले करीब डेढ़ माह से बंद पड़े हैं। इसके चलते गांव की पेयजल व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। वर्तमान में पूरा गांव नहरी पेयजल आपूर्ति पर निर्भर है, जबकि नहरी पानी की उपलब्धता भी निर्धारित एवं सीमित मात्रा में होती है। ग्रामीणों के अनुसार, पूर्व में नहरी पेयजल के अतिरिक्त विभाग के इन पांच ट्यूबवेलों से भी पानी की आपूर्ति की जाती थी, जिससे गांव की पेयजल आवश्यकता की पर्याप्त पूर्ति हो रही थी। लेकिन लंबे समय से पांचों ट्यूबवेल खराब होने के कारण पेयजल व्यवस्था चरमरा गई है और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर विभाग के कनिष्ठ अभियंता, सहायक अभियंता, अधिशासी अभियंता एवं अधीक्षण अभियंता तक कई बार शिकायत एवं निवेदन किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद आज तक ट्यूबवेलों को चालू करवाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं जलदाय विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर संबंधित ठेकेदार को पाबंद किया जाए तथा पांचों ट्यूबवेलों की मरम्मत करवाकर उन्हें शीघ्र चालू किया जाए, ताकि गांव में नहरी पानी के साथ ट्यूबवेलों से भी नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल हो सके।