सुप्रीम फाउंडेशन ने विद्यालय में किया डिजिटल बोर्ड भेंट

निसं
बीदासर (नवयत्न)। शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में सुप्रीम फाउंडेशन, जसवंतगढ़ ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, ढाणी कुम्हारान को करीब एक लाख रुपए कीमत का 65 इंच का डिजिटल बोर्ड भेंट किया। इससे विद्यार्थियों को स्मार्ट क्लास के माध्यम से तकनीक आधारित शिक्षा मिल सकेगी।
इस सहयोग के लिए विद्यालय परिवार ने फाउंडेशन के मुख्य संरक्षक महावीर प्रसाद तापड़िया का आभार जताया। साथ ही मुख्य समन्वयक श्याम बाबू, कोऑर्डिनेटर दीपक कौशिक, योगेश तथा डिजिटल बोर्ड स्थापित करने वाली तकनीकी टीम का भी धन्यवाद किया। उल्लेखनीय है कि सुप्रीम फाउंडेशन इससे पहले भी विद्यालय में तीन शौचालयों का निर्माण, कंप्यूटर लैब का विकास तथा रिक्त पदों पर चार अध्यापकों की नियुक्ति करवाकर शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग कर चुका है। फाउंडेशन के इन प्रयासों से विद्यालय में शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार हुआ है। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ से भूगोल व्याख्याता अजय शर्मा, अध्यापक चंद्रप्रकाश एवं वॉलंटियर निखिल शर्मा उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने फाउंडेशन के सहयोग को विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

You might also like