तीसरे दिन भी जारी रहा कर्फ्यु

सादुलपुर,(राजेश राजपूत)21 मई। शहर में कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद गुरुवार तीसरे दिन भी कर्फ्यु जारी रहा। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से घर-घर में सर्वे कार्य भी जारी रहा। इस संबंध में एसडीएम इंद्राजसिंह ने बताया कि कर्फ्यु जारी है तथा वर्तमान में 31 मई तक कर्फ्यु जारी रहेगा। इसके अलावा कफ्र्यू के दौरान सुबह सात से नौ बजे तक एवं शाम को चार से छह बजे तक दो सब्जी ठेले वालों को एवं दो फ्रूट और सरस दुग्ध डेयरी वालों को कर्फ्यु क्षेत्र में जाने की इजाजत दी गई है। ताकि लोगों को आवश्यकता का सामान उपलब्ध हो सके। वहीं कर्फ्यु क्षेत्र में पुलिस अधिकारी एवं जवान तथा एनसीसी कैडेट्स दिनभर तपती दुपहरी में ड्यूटी पर तैनात रहे। इसके अलावा सुबह आठ से दोपहर एक बजे तक बाजार खुले तथा बाजारों में भीड़ नजर आई। थानाधिकारी विष्णुदत्त बिश्नोई लगातार गस्त कर अपने जीप से लॉक डाउन की पालना के लिए अनाउंसमेंट करते रहे। वहीं कर्फ्यु के दौरान रेलवे स्टेशन रोड़, सांखू तिराहे से रेलवे स्टेशन, तोलाराम फिडर से मिनी सचिवालय तक सडक़ें वीरान रही।

You might also like