प्रधानमंत्री ने राज्य को एक हजार करोड़ रुपए मदद देने का ऐलान
कोलकाता. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में अम्फान तूफान से प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उनके साथ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी थींं। इसके बाद प्रधानमंत्री ने राज्य को एक हजार करोड़ रुपए मदद देने का ऐलान किया। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस मे कहा कि तूफान से नुकसान कम से कम हो इसके लिए राज्य और केंद्र सरकार ने प्रयास किया। इसके बावजूद 80 लोगों का जीवन नहीं बचा पाए। इसका हमें दुख है। जिन्होंने अपनों को खोया इस संकट की घड़ी में हम उनके साथ हैं। एग्रीकल्चर, पॉवर सेक्टर और व्यापार का भी नुकसान हुआ। लोगों के घर उजड़े हैं। हमारा काम अब उनकी मदद करना है। सरकारें इसके लिए हर संभव मदद करेंगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘ममता जी के नेतृत्व में भारत सरकार ने मिलकर काम करने का प्रयास किया है। आज देश के लिए गौरव की बात है। राजा राम मोहन राय की जयंती है। इस दौरान बंगाल में होना मेरे मन को छू लेने वाली बात होती है। इस संकट की घड़ी में मैं इतना ही कहूंगा कि राजा राम मोहन राय हमें आशीर्वाद दें ताकि हम मिलकर काम करें। मैं बंगाल सरकार को विश्वास दिलाता हूं कि संकट की घड़ी में पूरा देश आपके साथ ही। इस घड़ी में सबसे मिलने आया हूं, लेकिन कोरोना के कारण सभी नागरिकों से नहीं मिल पा रहा हूं। यहां से ओडिशा जा रहा हूं। मैं फिर एक बार इस संकट की घड़ी में आपके साथ हूं। जल्द से जल्द ये संकट खत्म हो इसके लिए काम करूंगा। बंगाल के लिए एक हजार करोड़ रुपए की तुरंत मदद दी जा रही है।
‘पूरा देशा पश्चिम बंगाल के साथ है’
मोदी ने कहा, पिछले साल मई में लोकसभा चुनावों की व्यस्तता थी, तब ओडिशा में चक्रवाती तूफान से हुए नुकसान की भरपाई करने में जुटा था। ठीक एक साल बाद आए चक्रवात से तटीय इलाके खासे प्रभावित हुए हैं। मैं पश्चिम बंगाल के अपने भाई-बहनों को विश्वास दिलाता हूं कि पूरा देश उनके साथ है। जल्द ही केंद्र की एक टीम भेजी जाएगी जो अम्फान से हुए नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट पेश करेगी। लोगों के पुर्नवास और पुनर्निर्माण से संबंधित सभी मसलों पर विचार करेंगे।
वहीं, बंगाल की खाड़ी से उठा सदी का सबसे ताकतवर तूफान अम्फान पश्चिम बंगाल-ओडिशा में तबाही मचाकर बांग्लादेश की तरफ बढ़ गया है। इसके चलते असम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में शुक्रवार तक भारी बारिश जारी रहेगी। इस बीच, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि राज्य में मरने वालों की तादाद 80 हो गई है।