पांच कोरोना पॉजिटिव केस की हिस्ट्री लेकर कॉन्टैक्ट पर्सन को भेजा सिंघानिया यूनिवर्सिटी के क्वारेंटाइन वार्ड में

खेतड़ी,(जयंत खाँखरा)22 मई। खेतड़ी क्षेत्र में 5 कोरोना पॉजिटिव केस आने के बाद से प्रशासन व चिकित्सा विभाग हाई अलर्ट मोड पर आ गया है। शुक्रवार को उपखंड अधिकारी शिवपाल जाट के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित कर पॉजिटिव केस की हिस्ट्री ली गई तथा एसडीएम के नेतृत्व में खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ हरीश यादव, एडिशनल एसपी मोहम्मद अयूब खान, थानाधिकारी शीशराम मीणा, तहसीलदार कृष्ण कुमार यादव सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी बबाई व नालपुर पहुंचे। जहां कॉन्टैक्ट पर्सन की जांच करने के लिए उनको सिंघानिया यूनिवर्सिटी में बने क्वारेंटाइन वार्ड में भिजवाया गया।

डॉक्टर हरीश यादव ने बताया कि बबाई के चार पॉजिटिव केस जो मिले हैं वह अपने सहयात्री जिसमें 3 गुहाला, एक 1 जाखल, नीमकाथाना के लोगों के साथ महाराष्ट्र से 15 मई को नीमकाथाना तक एक मिनी बस में आए तथा 17 मई को तुड़े की पिकअप में बैठकर अपने घर पहुंचे। महाराष्ट्र से ही नालपुर का पॉजिटिव केस कोटपूतली तक एक ट्रक में आया तथा कोटपुतली में उसका भाई पड़ौसी की बाइक लेकर उसे घर तक लेकर आया। बबाई के चार पॉजिटिव केस के 4 कॉन्टैक्ट पर्सन तथा नालपुर के पॉजिटिव केस के तीन कॉन्टैक्ट पर्सन को सिंघानिया यूनिवर्सिटी के वार्ड में भर्ती करवाया गया है। जहां से उनके सैंपल लेकर जांच के लिए भिजवाए जाएंगे। इस मौके पर डॉक्टर महेंद्र सैनी, सुनील कुमार सैनी, मुकेश कुमार, फार्मासिस्ट अनिल कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

You might also like