10वीं से पहले आएगा 12वीं का रिजल्ट

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) इस साल कक्षा 10वीं से पहले कक्षा 12वीं का रिजल्ट जारी करेगा। बोर्ड ने इसकी तैयारी भी शुरू कर दी है। ऐसा इसलिए ताकि 12 के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षण संस्थानों में दाखिला लेने में परेशानी नहीं हो। बोर्ड अधिकारियों के अनुसार कक्षा 12वीं पास करने के बाद छात्र और छात्राओं को उच्च शिक्षा में दाखिले के लिए नामांकन की समय सीमा होती है। उस समय सीमा के अंदर ही रिजल्ट दिया जाएगा।
जेईई एडवांस के पहले आएगा 12वीं का रिजल्ट
जुलाई के अंतिम सप्ताह या अगस्त के पहले सप्ताह में रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा। जईई मेन जुलाई में और जेईई एडवांस का टेस्ट 23 अगस्त को लिया जाएगा।  मेडिकल प्रवेश परीक्षा भी जुलाई में होगी। इससे सफल विद्यार्थियों को इसमें नामांकन कराने में सुविधा मिलेगी। मूल्यांकन जोर-शोर से चल रहा है। कक्षा 9वीं से 12वीं तक लगने वाली ऑनलाइन क्लास से उन शिक्षकों को अलग रखा गया है, जिनकी ड्यूटी मूल्यांकन में लगाई गई है। मूल्यांकन होने तक शिक्षक ऑनलाइन क्लास नहीं करेंगे।
1 से 15 जुलाई के बीच होगी परीक्षा
अब तक हुई परीक्षा का मूल्यांकन जून में समाप्त कर दिया जाएगा। इसका परिणाम भी तैयार कर लिया जाएगा। लॉकडाउन के कारण कक्षा 12वीं के मुख्य विषयों की परीक्षा 1 से 15 जुलाई के बीच हो रही है। 1 जुलाई से परीक्षा शुरू होगी और इस परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन 5 जुलाई से शुरू हो जाएगा। 15 जुलाई को होने वाली परीक्षा का मूल्यांकन 25 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद परीक्षा परिणाम घोषित करने की तैयारी है। यदि सबकुछ समय से चलता रहा तो जुलाई के अंतिम सप्ताह में ही रिजल्ट घोषित हो सकता है।

You might also like