डंपर से सड़क पर कीचड़ पर गिरने पर ग्रामिणों में आक्रोश

ग्रामिणों ने रोका डंपरों को

खेतड़ी नगर,(विपुल पारीक)25 मई। केसीसी प्रोजेक्ट से डंपरों द्वारा वैस्ट को टेलिंग डैम में नियमों को ताक में रखकर डाल रहे है। जिससे गोठड़ा वासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। केसीसी प्लांट से एसिड का कीचड़ नुमा मिट्टी गोठड़ा के टेलिंग डैम में ले जाते समय गोठड़ा की सड़कों पर गिरने पर ग्रामिणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सोमवार को दो डंपरो को रोक लिया।

नासीर हुसैन ने बताया कि केसीसी प्रोजेक्ट से कीचड़ की तरह की मिट्टी डंपरों में भरकर टेलिंग डेम में डाली जा रही है। कई दिनों से डंपरों से मिट्टी सड़क पर गिर रही है, सुखने के बाद डस्ट बनकर गाड़िओ के टायरों के साथ हवा में उड़ती है जिसके कारण दुकानों व मकानों में रहना तो दुर दुकान भी खोलना मुश्किल हो रही है। उन्होंने बताया कि डस्ट में एसिड की मात्रा होने से शरीर में खुजली, आंखों में जलन व सांस लेने में दिक्कत होने लगती है।

सड़क के दोनों तरफ दुकान बनी हुई है डस्ट उड़ने से दुकानों में पूरे दिन मिट्टी आती रहती है जहां बैठना भी मुश्किल हो रहा है। इस संबंध में कई बार केसीसी के अधिकारियों को शिकायत कर चुके लेकिन अधिकारियों का एक ही जवाब होता है हमने तो ठेके पर दे रखा है। इसलिए हमें मजबूर होकर डंपरो को रोकना पड़ा है।

ग्रामिणों द्वारा विरोध प्रदर्शन एवं डंपरो के रोकने की सूचना पर खेतड़ी नगर पुलिस मौके पर पहुंचकर समझाइश कर ग्रामीणों को शांत किया। दो डंपरो को पुलिस ने थाने में बंद कर दिया।

देवकीनंदन सोनी, धूकलराम, महेश कुमार, सुशील, रामजीलाल, होशियार सिंह, रामचंद्र, पंकज, सुरेश, ज्ञानप्रकाश, विजेंद्र सहित अनेक ग्रामिणों के विरोध प्रदर्शन पर ठेकेदार ने खानापूर्ति के लिए थोड़ी सी दुर सड़क पर पानी का छिड़काव करवा दिया। गौरतलब है कि डंपर में टेलिंग डालने से पहले उसमें पॉलिथीन लगाए जिससे मिट्टी सडक़ पर नहीं बिखरे लेकिन ठेकेदार अपने फायदों को देखते हुए नियमों को ताक में रख कर डंपरों में माल परिवाहन कर रहे है। जिसका खामियाजा आम जनता को उठाना पड़ रहा है।

सड़क पर मिट्टी साफ करने की निभाई मात्र औपचारिकता
सड़क पर कीचड़ डालने के मामले में आक्रोशित ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए ठेकेदार ने सड़क पर पड़ी कीचड़नुमा मिट्टी को साफ करने की बात कहीं लेकिन मात्र औपचारिकता निभाते हुए कुछ दूरी तक ही सड़क पर पानी डालकर मिट्टी साफ की जबकि मिट्टी व कीचड़ करीब दो किलोमीटर तक पड़ी हुई थी। ग्रामीणों का कहना है कि पूरी मिट्टी साफ की जाए नहीं तो फिर विरोध किया जाएगा।

डंपरो द्वारा सड़क पर कीचड़नुमा मिट्टी डालने की ग्रामीणों ने शिकायत की थी जिस पर मौके पर पहुंचकर दो डंपरो को बिना कागजात पाए जाने पर जब्त किया। सुबेसिंह, एएसआई, खेतड़ी नगर

You might also like