वारदात: लॉकडाउन के बाद बंद पड़े मकान से लाखों का सामान चोरी

जयपुर में फंसा था पीडि़त व्याख्याता का परिवार

चूरू,(पीयूष शर्मा)4 मई। शहर के वार्ड 26 में गत 24 मार्च से बंद पड़े एक व्याख्याता के मकान में सेंध लगा चोर लाखों रुपए कीमत का सोना-चांदी व अन्य सामान चुरा ले गए। कोतवाली थानाधिकारी सुभाषचंद्र कच्छावा के मुताबिक वार्ड 26 निवासी व्याख्याता खुर्शीद गौरी देश में लॉकडाउन होने से एक दिन पहले यानि 24 मार्च को परिवार सहित जयपुर गए थे। मगर लॉकडाउन लगने के कारण वहां फंसे होने से चूरू नहीं आ सके। इस दौरान पीछे से बंद पड़े मकान में किसी समय घुसे चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया। सूचना मिलने पर जयपुर से सरकारी स्वीकृति लेकर चूरू पहुंचकर व्याख्याता ने अपना मकान संभाला। व्याख्याता अंदर गया तो तीन कमरों में रखी अल्मारियों के ताले टूटे मिले। चोर घर से सौ ग्राम सोना, तीन किलो चांदी सहित करीब नौ लाख रुपए का सामान व करीब 90 हजार रुपए नकदी चुरा ले गए। चार मई को सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मौका मुआयना किया। पीडि़त की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

You might also like