सादुलपुर एसएचओं मृत्यु प्रकरण की जांच सीबीआई से करवाने की मांग
राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना ने सौंपा सीएम के नाम ज्ञापन
चूरू,(पीयूष शर्मा)26 मई। राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना की चूरू टीम ने मंगलवार को सादुलपुर एसडीएम को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन के अध्यक्ष संदीप सिंह चैनपुरा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में लिखा गया कि थाना अधिकारी विष्णुदत्त विश्नोई की मृत्यु के प्रकरण की जांच सीबीआई से करवाई जाए।
इसके अलावा ज्ञापन में एडवोकेट गोवर्धन व अन्य लोगों से हुई थानाधिकारी विश्नोई के व्हाट्सएप चैट की पूर्ण जांच करवाने, मृत्यु से 15 दिन पहले की थानाधिकारी की मोबाइल कॉल डिटेल जांचने, राजगढ़ थाने से हटाए गए पुलिस कर्मियों की जांच करवाने, थानाधिकारी के परिवार को पांच करोड़ की आर्थिक सहायता देने, परिवार के एक सदस्य को नायब तहसीलदार पद पर अनुकंपा नियुक्ति देने, सादुलपुर थाने में थानाधिकारी विश्नोई की प्रतिमा लगाने व उन्हें शहीद का दर्जा देने आदि मांगों का उल्लेख किया गया। ज्ञापन देने वालों में सुखपाल सिंह राठौड़ व अर्जुन सिंह आदि शामिल थे।