भीषण सड़क हादसा : एक ही परिवार के 5 लोगों सहित 6 की मौत
निसं
चूरू (नवयत्न) । चूरू जिले में शनिवार को हुए सड़क हादसे ने 6जनो की जान लेली, इस ह्दय विदारक घटना को सुनकर हर कोई सहम गया। जिले के सादुलपुर में ट्रॉला और कार के बीच हुई भीषण भिड़ंत में सोमसीसर निवासी एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत से क्षेत्र में शोक की लहर छा गई। हादसे में 4माह के एक मासूम बच्चे सहित तीन पुरुषों, तीन महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई है। एक ही परिवार के 5सदस्यों की असमय मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दर्दनाक हादसे की सूचना मिलने पर जिला पुलिस अधीक्षक आईपीएस निश्चय प्रसाद एम. एवं भाजपा नेता पराक्रम राठौड़ भी सादुलपुर अस्पताल पहुंचे। दोनों ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस मुश्किल घड़ी में हिम्मत बनाए रखने का भरोसा दिलाया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमसीसर गांव निवासी परिवार के सदस्य सुबह कुल देवी के दर्शन के लिए गुरुग्राम जाने के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान रास्ते में ट्रॉला और कार के बीच भीषण भिड़ंत हो गई। हादसा इतना दर्दनाक था कि परिवार के पांच सदस्यों की जान चली गई। मृतकों की पहचान सोमसीसर निवासी 60वर्षीय भंवरलाल, 55वर्षीय महेंद्र देवी, 28वर्षीय कविता, 34वर्षीय यशोदा, 4माह का बेटा कन्हैया और कार चालक 31वर्षीय मांगीलाल नाई के रूप में हुई है। वही 9माह की बेटी दिव्यांशी को गंभीर अवस्था में रेफर किया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम. ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की ओर से परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने इस दुखद घड़ी में परिजनों को ढाढ़स बंधाया। भाजपा नेता पराक्रम राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी इस दुखद हादसे पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में परिवार को हरसंभव सहयोग दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
इस दर्दनाक हादसे ने सोमसीसर सहित आसपास के क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत से गांव में शोक का माहौल है। फिलहाल शवो को चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है। वही पुलिस ने सभी शवो का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।