सैनिक सुरेंद्र सिंह का सैन्य सम्मान के साथ किया अंतिम संस्कार
अंतिम संस्कार में उमड़े सैकड़ो लोग
नवलगढ़,(श्रवण कुमार नेचु)26 मई। तहसील के ग्राम पंचायत टोंक छिलरी की तन में गांव सूर्जनपुरा निवासी सैनिक सुरेंद्र सिंह का मंगलवार को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
जानकारी के अनुसार सुरेंद्र सिंह पुत्र सजन सिंह शेखावत जम्मू कश्मीर में 29 आर आर ग्रेनेडियर में बटालियन में तैनात था। 12 मई को सुरेन्द्र सिंह सोल्जरबोर्ड में किसी काम के लिये बाइक पर सवार होकर जा रहा था कि बोलेरो पिकअप गाड़ी की टक्कर लगने से सिर में गहरी चोट लग गई थी। सुरेंद्र सिंह को आर्मी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। सिर में ब्रेन होने से 25 मई को इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
मंगलवार को सेना की गाड़ी में उनका शव पैतृक गांव सूर्जनपुरा में लाया गया जहां उनका सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। वहीं सेना के जवानों ने गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया।

इस मौके पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी परवेज अहमद हुसैन, 29 आर आर बटालियन के सूबेदार बलबीर सिंह, सरपंच पुत्र पूर्णसिंह, उप सरपंच किशनलाल गुर्जर, कैप्टन रामलाल संखनिया, कुरड़ाराम गुर्जर, पंच रामकुमार सिंह नेचु, रामनिवास शास्त्री सहित अनेक लोगों ने सुरेंद्र सिंह के शव पर पुष्प अर्पित किया।
सुरेंद्र का शव जब घर पहुंचा तो घर में कोहराम मच गया वहीं गांव में सन्नाटा छा गया। सुरेंद्र सिंह की पत्नी सुमन कंवर तथा माता अनूप कंवर का रो-रो कर हाल बेहाल हो गया। सुरेंद्र सिंह की अंतिम यात्रा में सुरेंद्र सिंह अमर रहे, भारत माता की जय जयकारों से आसमान गुंजायमान हो गया। अंतिम यात्रा में आसपास के सैकड़ों लोगो ने भाग लिया ।