विश्नोई को शहीद का दर्जा देने की मांग
श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना ने सौंपा ज्ञापन
सादुलपुर,(राजेश राजपूत)26 मई। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर थानाधिकारी विष्णुदत्त विश्नोई आत्महत्या मामले में सीबीआई से जांच करवाने मांग की है।
जिलाध्यक्ष संदीप सिंह चैनपुरा, अर्जुनसिंह, सुखपाल सिंह राठौड़ के नेतृत्व में सौंपे ज्ञापन में बताया कि थानाधिकारी विश्नोई कत्र्तव्यनिष्ठ एवं ईमानदार अधिकारी थे तथा उनकी संदिग्ध मृत्यु गंभीर चिंतनीय विषय है एवं आमजन में रोष व्याप्त है।
ज्ञापन में मामले में की जांच सीबीआई से करवाने, एडवोकेट गोवर्धनसिंह एवं अन्य लोगों के साथ विश्नोई की हुई व्हाट्स एप्प एवं मैसेंजर चैट की पूर्ण जांच करवाने, गत पन्द्रह दिनों में विश्नोई के फोन की कॉल डिटेल्स की जांच एवं संदिग्ध कॉल्स की जानकारी देने तथा विश्नोई के खिलाफ सोशल मीडिया के माध्यम से दुष्प्रचार करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करवाने, स्थानीय पुलिस थाने से हटाए गए कर्मचारियों की जांच करवाए जाने तथा किन कारणों से उनको हटाया गया, विश्नोई के परिवार को पांच करोड़ रूपए देने एवं परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी देने, पुलिस थाने में विश्नोई की प्रतिमा लगाने, भय मुक्त प्रशासनिक सेवा पुन: बहाल करने एवं विश्नोई को शहीद का दर्जा देने की मांग की है।
ज्ञापन में संदिग्ध मृत्यु के राज का पर्दा हटाने एवं दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है तथा कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलनात्मक कदम उठाने की चेतावनी भी दी गई है।