प्रशासनिक तैयारियां हुई शुरू
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न)। नगर निकाय आम चुनाव 2026 के कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा के साथ ही प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। निर्वाचन अधिकारी एसडीएम मिथिलेश कुमार ने संपूर्ण निर्वाचन कार्यक्रम और आदर्श आचार संहिता के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। निर्वाचन अधिकारी मिथिलेश कुमार ने बताया कि सदस्य पद के चुनाव के लिए 27 अगस्त को लोक सूचना जारी होगी। प्रत्याशी 27 अगस्त, 29 अगस्त व 31 अगस्त को प्रात: 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक नाम निर्देशन-पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर को की जाएगी, जबकि 3 सितंबर दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 4 सितंबर को चुनाव प्रतीकों का आवंटन होगा। नगर पालिका सदस्य पदों के लिए 11 सितंबर को प्रात: 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा तथा 14 सितंबर को मतगणना होगी। निर्वाचन अधिकारी मिथिलेश कुमार ने बताया कि ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण हेतु रात्रि 10 बजे से प्रात: 6 बजे तक लाउडस्पीकर के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा चुनाव खर्च की अधिकतम सीमा नगरपालिका सदस्य के लिए 1.50 लाख रुपए निर्धारित की गई है।