नियमों में संशोधन के लिए ट्विटर पर चलाया मेल नर्सेज ने अभियान

केंद्र सरकार से कर रहे संशोधन की मांग

सुजानगढ़,(अमित प्रजापत)26 मई। एम्स में नर्सिंग ऑफिसर भर्ती नियमों में महिला व पुरुष के 80 – 20 अनुपात करने के विरोध में पुरुष बेरोजगार नर्सेज ने लॉक डाउन के चलते ट्विटर पर मुहिम चलाकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और प्रधानमंत्री को हजारों ट्वीट किए हैं। इनका यह अभियान पिछले एक महीने से लगातार चल रहा है।

आंदोलन के संयोजक बी आर डेलू, नर्सिंग ऑफिसर भंवरलाल ज्याणी ने बताया कि एम्स दिल्ली में सीआईबी की एक मीटिंग में यह फैसला लिया गया कि आने वाली सभी नर्सिंग ऑफिसर पोस्ट वैकेंसी में महिला, पुरुष अनुपात 80 व 20 किया जाता है, जबकि इस फैसले को लेने से पूर्व नर्सिंग फेटरनिटी से जुड़े किसी संगठन से कोई सलाह नहीं ली गई, जो न्यायोचित नहीं है। जिसका विरोध किया जा रहा है। साथ ही पुरूष नर्सिंगकर्मियों का कहना है कि नर्सेजकर्मियों के संगठनों को कमजोर करने के लिए यह नीतियां बनाई गई है, क्यों कि पुरुष नर्सेज अन्याय के खिलाफ हमेशा आवाज उठाते रहे हैं। नर्सेज में एकता होने से पर प्रशासन को उनकी मांगे स्वीकार करनी पड़ती है ।

ऑल इंडिया नर्सेज फोरम के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखलाल जाट और राष्ट्रीय सचिव अरविंद चौधरी ने बताया कि वो इस मुद्दे को पूर्व में कई बार स्वास्थ्य मंत्री को व्यक्तिगत मिलकर भी अवगत कराया जा चुका है और कई पत्र लिख चुके है, लेकिन इसके उपर अभी तक कोई संज्ञान नहीं लिया गया है, अगर समय रहते इस पर सकारात्मक फैसला नहीं लिया गया तो ऑल इंडिया नर्सेज फोरम के बैनर तले पूरे देश भर में आंदोलन किया जाएगा ।

You might also like