भाजपा जिलाध्यक्ष बोले, अपने गिरेबान में झांके भ्रष्टाचार की गंगोत्री कांग्रेस

एसएचओं विष्णुदत्त आत्महत्या प्रकरण की जांच सीबीआई को ना सौंपना सरकार पर संदेह

चूरू,(पीयूष शर्मा)26 मई। भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जब भंवरी देवी प्रकरण व दारासिंह एनकाउंटर प्रकरण की जांच सीबीआई कर सकती है। तो सादुलपुर थानाधिकारी विष्णुदत्त विश्नोई आत्महत्या प्रकरण की जांच सीबीआई को नहीं सौंपना सरकार पर संदेह खड़े कर रहा है।

वे मंगलवार को जिला भाजपा कार्यालय में सादुलपुर एसएचओं आत्महत्या प्रकरण व पानी-बिजली जैसी जन समस्याओं को लेकर आयोजित प्रेसवार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सादुलपुर थाना प्रकरण में कांग्रेस नेता कह रहे हैं कि भाजपा अपने गिरेबान में झांके। तो मैं कहना चाहूंगा कि कांग्रेस अपने गिरेबान व पृष्ठभूमि में झांके। सन् 1965 में राममनोहर लोहिया भी लोकसभा में कह चुके हैं कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी व गंगोत्री है। भाजपा के नेता प्रकरण का राजनीति करण करने की बजाय दिवगंत पुलिस अधिकारी के परिजनों के लिए न्याय मांग रहे हैं। सादुलपुर विधायक पर झूठ बोलने का आरेाप लगाते हुए कहा कि विधायक कहती हैं कि वे दिवगंत सीआई को जानती नहीं। जबकि थाने में उनके व उनके पति के थानाधिकारी व अन्य स्टाफजन के साथ फोटो है। उन्होंने प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग की।

12 घंटे तक शव को फंदे से नहीं उतारना जांच का विषय
पूर्व जिला प्रमुख हरलाल सहारण ने कहा कि इस प्रकरण में अनेक ऐसे तथ्य हैं जो पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगाते नजर आ रहे हैं। थानाधिकारी के शव को 12 घंटे तक फंदे से नहीं उतारा जाना, परिजनों को पुलिस की ओर से सूचना नहीं देना, थानाधिकारी के शव को पुलिस द्वारा पीछे के दरवाजे से अन्यत्र ले जाने का प्रयास करना आदि बातें पुलिस महकमे पर संदेह पैदा कर रही है। इनकी बारीकी से जांच होनी चाहिए। जिले में इतनी दुखद घटना के बाद भाजपा के तमाम बड़े नेताओं ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को न्याय दिलाने के लिए प्रयास किया। उधर कांग्रेस के किसी नेता का मौके पर नहीं पहुंचना संदेह पैदा कर रहा है।

रोजनामचे में दबाव की बात, ये किसका दबाव था, सार्वजनिक करो
प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व जिला प्रमुख हरलाल सहारण ने कहा कि जब एसपी तेजस्वीनि गौतम ने ये मान लिया है कि सीआई विष्णुदत्त पर दबाव की बात रोजनामचे में अंकित थी। तो ये सार्वजनिक किया जाना चाहिए कि वो दबाव किसका था। उन्होंने प्रकरण की सीबीआई जांच करवाकर दोषियों को सजा दिलाने की मांग की। पूरी भाजपा दिवगंत सीआई के परिजनों के साथ है। परिवार को न्याय नहीं मिलने तक पार्टी संघर्ष करेगी।

कांग्रेस के लोगों ने की है थानाधिकारी की हत्या
प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डा. वासुदेव चावला ने कहा कि थानाधिकारी विष्णुदत्त ने मानसिक दबावश आत्महत्या की है। मगर थानाधिकारी की ओर से अपने मित्रों व अन्य लोगों के साथ की गई वाट्सएप-फेसबुक चैट से ये साफ हो चुका है। के कांग्रेस के लोगों ने मानसिक दबाव में लाकर उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर कर उनकी हत्या की है।

दबाववश लाइन हाजिर पुलिसकर्मियों को वापस पदस्थापित करो
पूर्व जिलाध्यक्ष डा. वासुदेव चावला ने दिवगंत सीआई को शहीद का दर्जा देने की मांग करते हुए कहा कि जिन दबाववश लाइन हाजिर किए गए पुलिसकर्मियों को पुन: पदस्थापित किया जाए। व्यापार मंडल की ओर से की गई सीआई विष्णुदत्त विश्नोई की प्रतिमा लगाने की मांग को स्वीकार किया जाए। उन्होंने अब तक हुई अधिकांश चोरियों का खुलासा नहीं होने को लेकर पुलिस से चोरियों का खुलासा कर सामान की बरामदगी करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में अनुसूचित जाति, जनजातिके लोगों व महिला अत्याचार बढ़े हैं।

पानी-बिजली को तरस रही प्रदेश की जनता
प्रेसवार्ता में पूर्व जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा ने कहा कि प्रदेश की जनता 50 डिग्री सेल्सियस की इस भीषण गर्मी में पानी-बिजली को तरस रही है। जिला मुख्यालय के अधिकांश वार्डों में लोग पानी के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। दिन में कई बार हो रही बिजली की अघोषित कटौती आमजन के लिए पीड़ादायी बनी हुई है। मगर राज्य सरकार व प्रशासन जनता की कोई सुध नहीं ले रहे हैं। लॉक डाउन के दौरान 56 दिन दुकानें बंद रहने के बावजूद दुकानदारों को जोधपुर डिस्कॉम ने गत वर्ष के औसत के आधार पर बिजली बिल भेज दिए हैं। बिजली बिलों में मीटर का स्थाई किराया जोड़ा गया है। लॉक डाउन के दौरान कारोबार बंद रहने के बावजूद भारी-भरकम बिजली बिलों को लेकर व्यापारियों में सरकार के प्रति आक्रोश है। उन्होंने राज्य सरकार से व्यापारियों के बिजली-पानी के बिल माफ करने की मांग की।

अब तक नदारद हैं कांग्रेस लोकसभा प्रत्याशी
गत विधानसभा व लोकसभा चुनाव लड़ने वाले कांग्रेस प्रत्याशी रफीक मंडेलिया अब तक कोरोना संकट काल के दौरान चूरू से नदारद ही रहे हैं। जबकि भाजपा कार्यकर्ता उपनेता प्रतिपक्ष व विधायक राजेंद्र राठौड़ के नेतृत्व में जरूरतमंदों की सहायता में दिन-रात जुटे हैं।

ये रहे मौजूद
प्रेसवार्ता के दौरान मंडल अध्यक्ष दीनदयाल सैनी, सुरेश सारस्वत, जिला आईटी संयोजक रमेश शर्मा, सह संयोजक सुरेश मिश्रा, धर्मेंद्र श्योराण व रामस्वरूप कटारिया आदि उपस्थित थे। संचालन जिला महामंत्री नरेंद्र काछवाल ने किया। जिला मीडिया संयोजक रवि दाधीच ने आभार जताया।

You might also like