पाइप लाइन टूटने से हजारों लीटर पानी व्यर्थ बहा
कई वार्डो में चल रही पेयजल किल्लत
चिड़ावा,(विजेंद्र सिंह लमोरिया)28 मई। परमहंस पण्डित गणेश नारायण बावलिया बाबा मंदिर के पास जलदाय विभाग की पाइप लाइन टूटने से प्रतिदिन हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। जबकि कई वार्डो में लोगों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। विभाग की उदासीनता व लापरवाही के चलते पाइपलाइन टूटने वाले वार्डो में पेयजल संकट गहराने लगा है।
वार्ड 1, 2 व 3 में पहले से ही लोगों को पीने के पीने के पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। अब पाइप लाइन टूटने के कारण वार्डवासी पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे हैं। पहले से पेयजल की समस्या का सामना कर रहे वार्डवासियों ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन दिया था लेकिन कोई समाधान नहीं हो पाया।
इसके बाद वार्डवासियों ने पालिका अध्यक्ष मधु शर्मा को भी समस्या से अवगत करवाया था। इस पर पालिकाध्यक्ष ने मंत्री बीडी कल्ला को पत्र भेजकर समाधान करने की मांग की थी। अभी तक समस्या का समाधान नहीं होने से वार्डवासियों में विभाग के प्रति आक्रोश व्याप्त है। वार्डवासी भाजपा जिला मंत्री संतोष कुमार सैनी, ओमप्रकाश सैनी, रमेश पुजारी आदि ने विभाग के प्रति आक्रोश जताया है।