जरूरतमंदों के लिए भाजपा रसोई हमेशा तत्पर रहेगी-शर्मा
सवा माह में कराया 31 हजार लोगों को भोजन
झुंझुनूं,(जय जांगिड़)5 मई। वैश्विक महामारी कोविड-19 से बचाव हेतु देशभर में लगाए गए लॉकडाउन में पिछले सवा माह से जरूरतमंद लोगों के लिए अनवरत चलाई जा रही भाजपा रसोई का मंगलवार को समापन किया गया। जानकारी देते हुए जिला भाजपा प्रवक्ता व झुंझुनूं नगर मंडल अध्यक्ष कमलकांत शर्मा ने बताया कि हमने लॉकडाउन में भामाशाहों के सहयोग से करीब सवा महीने तक भाजपा कार्यलय से प्रतिदिन एक हजार लोगों को भोजन उपलब्ध करवाया गया है। शर्मा ने बताया कि अब प्रचंड गर्मी के मौसम व प्रशासन द्वारा लॉकडाउन में आंशिक छूट को देखते हुए व दैनिक दिहाड़ीदार, मजदूरों के लिए रोजगार के साधन उपलब्ध होने से कमजोर तबकों के लोगों को भोजन का संकट नहीं रहेगा। यदि फिर भी जरूरतमंदों के सामने भोजन का संकट दिखाई दिया तो भाजपा रसोई हमेशा तत्परता के साथ भोजन की व्यवस्था के लिए तैयार रहेगी। जिला प्रशासन ने प्रवासी मजदूरों के लिए सुविधाएं दी है। इसलिए सर्वसमति से भोजन वितरण कार्य को विराम दिया जा रहा है। भाजपा रसोई संचालक महेंद्र सोनी ने बताया कि भाजपा रसोई द्वारा सवा माह में 31 हजार जरूरतमंदों को सोशल डिस्टेंसिंग की पालना करते हुए उनके घरों तक समय पर भोजन पहुंचाया गया है। प्रशासन जब भी जरूरत समझेगा और हमें आदेश देंगे तो जरूरतमंदों के लिए भाजपा रसोई पुन: चालू कर दी जाएगी, जरूरतमंदों को भोजन के अभाव में नहीं रहने दिया जाएगा। भाजपा रसोई के समापन के अवसर पर प्रतिदिन भाजपा रसोई में जरूरतमंदों के लिए भोजन बनाने व वितरित करने वाले सभी सहयोगियों के आपदा के समय में सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया व उन्हें ससम्मान विदाई देते हुए कहा कि संकट की घड़ी में सेवा का जज्बा रखने वाले प्रवासी भामाशाह, प्रेरक, भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के सहयोग की बदौलत ही सवा माह तक निरंतर जरूरतमंदों की भोजन की व्यवस्था संभव हो पाई है।