नशा मानव शरीर के नाश की जड़, तंबाकू निषेध दिवस पर संगोष्ठी का आयोजन
झुंझुनूं,(जय जांगिड़)31 मई। राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड जिला मुख्यालय झुंझुनूं के तत्वावधान में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर संगोष्ठी का आयोजन मैसेंजर ऑफ पीस के जिला संयोजक सौरव केडिया के मुख्य आतिथ्य एवं फ्री बीइंग मी के जिला संयोजक इंजीनियर विजय गर्वा की अध्यक्षता में स्काउट गाइड कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया।
इसी प्रकार स्काउट गाइड संगठन के माध्यम से अलसीसर, कांट, चिड़ावा, मंड्रेला, झुंझुनूं, उदयपुरवाटी, पिलानी, नवलगढ़, बुहाना, खेतड़ी में भी स्काउट्स द्वारा प्रोग्राम आयोजित किये गए।
इस अवसर पर सीओं स्काउट महेश कालावत ने संबोधित करते हुए कहा कि तंबाकू एवं नशा मानव शरीर के नाश की जड़ है, जिससे विभिन्न प्रकार के कैंसर जैसी भयानक बीमारियां उत्पन्न हो जाती हैं। कालावत ने कहा कि आपका जीवन सिर्फ आपका ही नहीं आपके अपनों का भी है। अत: तंबाकू खाना छोड़ें और जीवन से नाता जोड़ें। तम्बाकू को नहीं चुने जिंदगी को चुने।
इस दौरान स्थानीय संघ के सचिव बंसीलाल ने नशे के दुष्प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए तंबाकू सेवन नहीं करने की नसीहत दी। संगोष्ठी को कार्यक्रम के अध्यक्ष विजय गर्वा एवं मुख्य अतिथि सौरव केडिया ने भी संबोधित करते हुए नशे के दुष्प्रभाव पर जानकारी दी।
नशा नहीं करने के लिए ली प्रतिज्ञा
संगोष्ठी के अवसर पर सीओं स्काउट महेश कालावत ने उपस्थित रोवर्स एवं स्काउट प्रभारियों को तंबाकू सेवन नहीं करने की प्रतिज्ञा दिलाई साथ ही आमजन को भी नशा नहीं करने के लिए अभियान चलाने की बात कहीं। उन्होंने इस दौरान नशा नहीं करने के संकल्प पत्र भी भरवाए तथा जीवन में कभी भी नशा नहीं करने के लिए नशा मुक्ति बैनर पर उपस्थित रोवर्स के हस्ताक्षर करवाएं।
तंबाकू एवं गुटखा के पाउच किये एकत्र
सीओं स्काउट महेश कालावत ने बताया कि मोरारका महाविद्यालय के सीनियर रोवर मेट दिनेश कुमार लखटकिया के नेतृत्व में रोवर्स की टीम ने कारुंडिया रोड पर गुटके, तंबाकू उत्पादों के रैपर एकत्रित कर लोगों को प्रेरित किया कि तंबाकू से बने उत्पाद सेहत और स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है, पर्यावरण को दूषित करने का कार्य कर रहे हैं ।
इनकी रही उपस्थिति
तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर सीओं स्काउट महेश कालावत, झुंझुनूं सचिव बंसीलाल, मैसेंजर ऑफ पीस के जिला संयोजक सौरव केडिया, फ्री बीइंग मी के जिला संयोजक विजय गर्वा, सीनियर रोवर मेट दिनेश कुमार लखटकिया, रावत विकास कुमावत, समीर अहमद, संदीप कुमार आदि उपस्थित रहे ।