बारिश होने से गर्मी से मिली राहत, आकाशीय बिजली गिरने से मंदिर की वायरिंग जली

सादुलपुर,(राजेश राजपूत)31 मई। क्षेत्र में नौतपा के कारण गत एक सप्ताह से पड़ रही भीषण गर्मी से आहत लोगों को गत दो दिनों से आ रही बारिश के कारण राहत मिली है। नौतपा के कारण पड़ रही भीषण गर्मी की वजह से क्षेत्र का तापमान जहां 50 डिग्री को छू गया, जिससे लोगों को आवागमन एवं अन्य आवश्यक कार्यो के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
ऐसे में शुक्रवार से लेकर रविवार तक अनेकों बार क्षेत्र में हुई मध्यम दर्जे की बारिश से जहां तापमान में गिरावट आई है, वहीं ठण्डी हवाओं के चलने से लोगों ने राहत महसूस की है। गत तीन दिनों में पारा दस डिग्री से अधिक नीचे आने के कारण व ठण्डी हवाओं के चलने से आमजन के साथ-साथ पशु-पक्षियों ने भी राहत की सांस ली है। आम दिनों में लोगों के घरों की छतों पर लगाए गए परिण्डे जहां सुबह से शाम तक तीन से चार बार पानी से भरने पड़ते थे। वहीं बरसात के कारण गिरे पारे की वजह से पूरे दिन में परिण्डे एक बार भी बामुश्किल खाली होते हैं।
इसके साथ ही रविवार शाम को उमड़कर आई काली घटाएं शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में जमकर बरसीं। शहरी क्षेत्र के अलावा गांव नीमा, थिरपाली, हमीरवास, चांदगोठी, लालसिंह का बास, ढ़ाणा, किशनपुरा, चैनपुरा, मांगला आदि गांवों में हुई बरसात से लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की।
आकाशीय बिजली गिरने से मंदिर की वायरिंग जली
रविवार शाम को क्षेत्र में हुई तेज बरसात के कारण मांगला गांव की रोही में स्थित पंचदेव धाम मंदिर के विद्युत मीटर पर आकाशीय बिजली गिरने से मंदिर की पूरी वायरिंग एवं विद्युत उपकरण जलकर नष्ट हो गए। मंदिर के पुजारी ओमप्रकाश मंडावरिया ने बताया कि बारिश के दौरान विद्युत मीटर पर आकाशीय बिजली गिरने से वह पूर्णतया जल गया तथा मीटर से मंदिर तक लगी हुई केबल में आग लगने के कारण मंदिर में की हुई पूरी विद्युत फीटिंग एवं अन्य उपकरण जलकर नष्ट होने से हजारों रूपयों का आर्थिक नुकसान हो गया।
You might also like