कंचनपुर–जोरावरनगर के लाडले अग्निवीर करणसिंह राठौड़ का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (दैनिक नवयत्न ) । इलाके के कंचनपुर–जोरावरनगर निवासी अग्निवीर करणसिंह राठौड़ का ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। मां भारती की सेवा में तैनात करणसिंह के निधन की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गांव में हर आंख नम है और माहौल गमगीन बना हुआ है। परिजनों के अनुसार अग्निवीर करणसिंह राठौड़ की तैनाती सिलीगुड़ी के बागडौगरा क्षेत्र में थी। परिवार के भाई चतर सिंह राठौड़ ने बताया कि 1 फरवरी की शाम को असम से आर्मी के सीईओ का फोन आया, जिसमें ड्यूटी के दौरान करणसिंह के निधन की जानकारी दी गई। इससे पहले जवान करण सिंह ने अपनी मां मुकेश कंवर से फोन पर बात की थी, जिसमें उन्होंने बताया कि मैं ड्यूटी करके आया हूं और अब खाना खाऊंगा। इसके करीब 3 घंटे बाद जवान करण सिंह के निधन का समाचार आने पर परिवार स्तब्ध रह गया। परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। पार्थिव देह सिलीगुड़ी से दोपहर में दिल्ली पहुंची और मंगलवार शाम दिल्ली से बाई प्लेन जयपुर लाई गई। इसके बाद जयपुर से पार्थिव देह बाई रोड पुलिस थाना श्रीमाधोपुर पहुंचेगी। अग्निवीर करणसिंह राठौड़ के सम्मान में तिरंगा रैली का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद राठौड़ों की ढाणी में पूरे सैन्य एवं राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिजनों ने बताया कि करणसिंह का पूरा परिवार देशसेवा से जुड़ा हुआ है। उनके पिता दयाल सिंह राठौड़ करीब 10 वर्ष पहले सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। करणसिंह के दोनों चाचा भी सेना में सेवाएं दे चुके हैं। उनकी बहन निकेता कंवर सीमा सुरक्षा बल में तैनात हैं। करणसिंह अविवाहित थे और करीब 3 वर्ष 10 महीने पहले अग्निवीर सेवा में भर्ती हुए थे।

You might also like