प्रवासी मजदूरों को स्वयं के खर्चे से लाने हेतु निजी वाहनों के पास जारी करे सरकार-मावंडिया
झुंझुनूं,(जय जांगिड़)6 मई। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष पवन मावंडिया ने राज्य के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर प्रवासी मजदूरों को उनके स्वयं के खर्चे से लाने के लिए वाहनों के पास जारी करने की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में बताया कि देश के विभिन्न राज्यों में जिले के मजदूर फंसे हुए हैं और उनके सामने खाने पीने की बहुत बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। ऐसे में जिन मजदूरों के परिजन अपने स्वयं के खर्चे से यहां से छोटी गाडिय़ां भेज कर दूसरे राज्य में फंसे हुए मजदूरों को लाना चाहते हैं उनको जिला प्रशासन द्वारा पास जारी किए जाए। मावंडिया ने कहा कि एक ओर राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं कांग्रेस के बड़े नेता प्रवासी मजदूरों को कांग्रेस पार्टी के खर्च पर उनके घर वापसी के लिए अपने को दृढ़ संकल्पित बता रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि जिन मजदूरों के परिजन अपने स्वयं के खर्चे से वाहन भेजकर अन्य राज्यों से उनको लाना चाहते हैं सरकार उनको वाहन भेजने की स्वीकृति तक नहीं दे रही है। जिससे सरकार का दोहरा चरित्र उजागर होता है। मावंडिया ने कहा कि एक ओर पूरा देश कोरोना रूपी महामारी से संघर्षरत है वहीं दूसरी ओर राज्य के मुख्यमंत्री एवं उनकी पार्टी के नेता दूसरे राज्यों में फंसे गरीब मजदूरों को भ्रमित कर राजनीति कर रहे हैं।