गैस सिलेंडर की किल्लत: वितरकों के पास एक दिन का ही स्टॉक

डी के सैनी

जयपुर (नवयत्न ) । पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच प्रदेश में एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित होने लगी है। ईरान, इजरायल और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच जारी तनाव का असर अब राजस्थान में भी दिखाई देने लगा है। राजधानी जयपुर सहित प्रदेश के कई शहरों में गैस सिलेंडर की कमी सामने आ रही है और उपभोक्ताओं की बुकिंग लंबित हो रही है।
एलपीजी वितरकों के अनुसार जयपुर में करीब सात दिन पहले की सिलेंडर बुकिंग अभी तक लंबित पड़ी है। कई वितरकों के पास केवल एक दिन का ही स्टॉक बचा है, जिससे स्थिति और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है।
एलपीजी वितरक दिनेश शर्मा ने बताया कि प्रदेश में करीब 1 करोड़ 65 लाख उपभोक्ताओं के सामने गैस संकट गहरा सकता है। जयपुर सहित राजस्थान के 10 बॉटलिंग प्लांट्स में केवल 2 से 3 दिन का स्टॉक बचा है, जिसके कारण सिलेंडर सप्लाई प्रभावित हो रही है।
वितरकों का कहना है कि केंद्र सरकार और तेल कंपनियों की ओर से सिलेंडर बुकिंग पर 25 दिन का नियम लागू किया गया है। इसके अलावा दो ट्रक के ऑर्डर देने के बावजूद कंपनियों की ओर से केवल एक ही ट्रक भेजा जा रहा है, जिससे डिलीवरी में देरी हो रही है और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा।
स्थिति को देखते हुए कई जगहों पर कॉमर्शियल सिलेंडर की डिलीवरी अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है और फिलहाल केवल घरेलू उपभोक्ताओं को ही सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
वितरकों का यह भी कहना है कि संभावित संकट की आशंका से लोग आवश्यकता नहीं होने पर भी सिलेंडर बुक कर रहे हैं और घरों में जमा करने लगे हैं, जिससे आपूर्ति व्यवस्था पर और दबाव बढ़ रहा है। वहीं कई जगहों पर मोबाइल के माध्यम से सिलेंडर बुकिंग भी प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है।
यदि जल्द ही सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में प्रदेश में एलपीजी की किल्लत और बढ़ सकती है।

You might also like