पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी
पुलिस ने परिसर को करवाया खाली
नवरतन वर्मा
चूरू (नवयत्न ) । चूरू में मंगलवार को 12 बजकर 40 मिनट पर पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने से एकबारगी कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। ISI के नाम से भेजे गए मेल में लिखा- दोपहर 1 बजकर 10 मिनट पर साईनाईट गैस से भरे बम ब्लास्ट होंगे। सूचना के बाद शहर कोतवाल सुखराम चोटिया पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट मोड में आ गई। एहतियात बरतते हुए कार्यालयों और बिल्डिंग को खाली करवा दिया गया। चूरू में पासपोर्ट कार्यालय को धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर रखते हुए बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया और बिल्डिंग की गहनता से जांच की गई। जब जांच में कुछ नहीं मिला तो सभी कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। वहीं धमकी मिलने के बाद पासपोर्ट कार्यालय के बाहर ताला लगाकर पूरी बिल्डिंग को खाली करवा दिया गया। जब तक जांच पूरी नहीं हुई तब तक कर्मचारी बिल्डिंग के बाहर खड़े रहे। पुलिस सतर्कता बरतते हुए जांच में जुटी हुई है। बता दें राजस्थान में पोस्ट ऑफिस कार्यालयों में ही पासपोर्ट ऑफिस संचालित किए जा रहे हैं। और राजस्थान के सभी पासपोर्ट कार्यालयों को एक साथ बम से उड़ाने की धमकी मिली थी।