बारात में आए दामाद की हुई मौत, दो साले हुए गंभीर रूप से घायल, हायर सेंटर रैफर
नवरतन प्रजापत
चूरू (नवयत्न ) । जिले के रतनगढ़ में शादी समारोह में आए दामाद की सड़क हादसे में मौत हो गई तथा दो जने घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रैफर कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटना की जानकारी ली। घटना को लेकर रतनगढ़ के गांव भावनदेसर निवासी दुर्गादत्त जाट ने पुलिस में मुकदमा दर्ज करवाया है, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लाश का पोस्टमार्टम करवाकर शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने बताया कि दुर्गादत्त द्वारा दी गई रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि उसके भतीजे के साले की शादी में शामिल होने के लिए वह और रिश्ते में दो पौत्र देवकरण व मुकेश के साथ पाबूसर आया हुआ था। यहां पर उसके दामाद जयप्रकाश, सुरेंद्र कुमार व अनिल निवासी जालेऊ भी आए हुए थे। बारात गांव पाबूसर से मालासर जानी थी, जिस पर दामाद अनिल की गाड़ी में पौत्र देवकरण व मुकेश तथा दामाद जयप्रकाश सवार होकर आ गए। रात्रि में इन चारों को सामान लाने के लिए गोगासर भेजा, जहां से ये लोग लौट रहे थे। इस दौरान गाड़ी अनिल चला रहा था, जिसने तेज गति व लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए सड़क के नीचे उतार दी, जिससे गाड़ी पलटी खा गई। घटना में जयप्रकाश, देवकरण व मुकेश घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर जयप्रकाश को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं देवकरण व मुकेश की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रैफर किया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई रामनिवास कर रहे हैं।