महिला सुरक्षा व महिला संबधी कानूनों की जानकारी दी

सभाष वर्मा

तारानगर (नवयत्न ) । सुरक्षा सखी पखवाड़ा के तहत तारानगर के वैदिक कन्या छात्रावास में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें सुरक्षा सखी बसु कंवर ने छात्रावास में रह रही बालिकाओं को महिला सुरक्षा, महिला संबंधी कानूनों तथा उनके अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कंवर ने बालिकाओं को बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में घबराने की बजाय तुरंत पुलिस व संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करना चाहिए उन्होंने बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और समाज में होने वाली गलत गतिविधियों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में बालिकाओं ने महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न सवाल भी पूछे जिनका समाधान किया गया और सभी को सतर्क एवं जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
इसके अलावा सुरक्षा सखी पखवाड़ा के तहत क्षेत्र में महिला जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सुरक्षा सखी मंजू ने नर्सिंग स्टाफ (ANM) के साथ एक जागरूकता संवाद आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनों, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ और साइबर अपराध जैसी घटनाओं में मिलने वाली कानूनी सहायता की जानकारी दी। कार्यक्रम में मौजूद एएनएम स्टाफ को बताया गया कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में गांवों की महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों तथा सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूक करें। साथ ही महिलाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत पुलिस व हेल्पलाइन सेवाओं का सहारा लेने के लिए प्रेरित किया गया। संवाद के दौरान महिला सुरक्षा से जुड़े विषयों पर खुलकर चर्चा हुई और उपस्थित स्टाफ ने भी अपने अनुभव साझा किए। अंत में सभी को समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।

You might also like