गैस किल्लत और बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन
डी के सैनी
जयपुर (नवयत्न ) । रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और एलपीजी सिलेंडरों की किल्लत को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन किया। जहां जयपुर में शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराते हुए एलपीजी सिलेंडर की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली और सड़क पर चूल्हा जलाकर चाय बनाकर गैस संकट पर सवाल उठाए।
प्रदर्शन जयपुर के चांदपोल और संजय सर्किल क्षेत्र में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नेता सड़कों पर उतरे। कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर की फोटो और प्रतीकात्मक सामग्री के साथ नारेबाजी की। इस दौरान सड़क पर पारंपरिक चूल्हा जलाकर चाय बनाई गई और यह संदेश दिया गया कि यदि गैस सिलेंडर की कीमतें लगातार बढ़ती रहीं और किल्लत बनी रही, तो लोगों को फिर से पुराने तरीकों पर लौटना पड़ेगा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एलपीजी सिलेंडर की सांकेतिक शव यात्रा निकालकर सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। शवयात्रा में कांग्रेस नेताओं ने अर्थी को कंधा देकर ‘राम नाम सत्य है, सिलेंडर बोलो मस्त है’ जैसे नारे लगाए। इसके बाद केंद्र और राज्य सरकार का सांकेतिक पुतला दहन भी किया गया।
प्रदर्शन का नेतृत्व जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि सरकार एलपीजी संकट से निपटने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं और कई लोग सिलेंडर की बुकिंग तक नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि बढ़ी हुई गैस कीमतें वापस ली जाए और पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
आदर्श नगर से विधायक रफीक खान ने कहा कि वर्ष 2014 में मनमोहन सरकार के समय गैस सब्सिडी पर करीब 40 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जाते थे, जबकि अब यह घटकर लगभग 15 हजार करोड़ रुपए रह गई है। देश में करीब 33 करोड़ गैस उपभोक्ता होने के बावजूद यह स्थिति सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े करती है।
पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि शहर में गैस सिलेंडर के साथ भाजपा नेता भी गायब हो गए हैं। उन्होंने कहा कि पहले गैस सिलेंडर महंगे किए गए और अब केरोसिन का विकल्प बताया जा रहा है, लेकिन वह भी लोगों को उपलब्ध नहीं हो रहा।

खाचरियावास ने कहा कि जयपुर शहर में 10 हजार से अधिक ऑटो रिक्शा बंद हो गए हैं। सरकार को ऑटो चालकों और गरीब परिवारों के लिए विशेष फंड जारी करना चाहिए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
कांग्रेस नेता मंजू शर्मा ने आरोप लगाया कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी हो रही है और कई जगह सिलेंडर दो से तीन हजार रुपए तक में बेचे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महंगा होने के बावजूद सिलेंडर आसानी से उपलब्ध नहीं हो रहा और कई हॉस्टलों में गैस की कमी के कारण मैस बंद होने की नौबत आ रही है।
प्रदर्शन में विधायक अमीन कागजी, कांग्रेस नेता अर्चना शर्मा, आर आर तिवारी, राजीव चौधरी, हरसहाय यादव, मंजू शर्मा और इकबाल खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि गैस की किल्लत और बढ़ती कीमतों पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन तेज करेगी।