पुलिस ने ड्रग्स नेटवर्क पर किया प्रहार
डी के सैनी
जयपुर (नवयत्न ) । अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और पेडलरों के खिलाफ जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के मार्गदर्शन में चलाए गए ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत शहरभर में एक साथ दबिश देकर कुल 281 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि इस अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कार्रवाई करते हुए 36 किलो 6 ग्राम गांजा, 11.85 ग्राम स्मैक और 11,350 रुपए की बिक्री राशि बरामद की गई। इस दौरान एनडीपीएस एक्ट के 61 प्रकरण दर्ज कर 65 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
वहीं विशेष पुलिस कमिश्नर (ऑपरेशंस) ओमप्रकाश के निर्देशन और पुलिस उपायुक्त (अपराध) अभिजीत सिंह की निगरानी में शहर के उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम जिलों में एक साथ अभियान चलाया गया। पुलिस की 157 टीमों ने स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के आसपास चिन्हित स्थानों पर दबिश देकर मादक पदार्थों के तस्करों और पेडलरों के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) अभिजीत सिंह ने बताया कि इस अभियान के दौरान 16 स्थायी वारंटी और इनामी अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया, जबकि धारा 170 बीएनएसएस के तहत 159 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। इसके अलावा स्थानीय एवं विशेष अधिनियमों के तहत 40 प्रकरण दर्ज कर 40 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
जयपुर पुलिस का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हो और अपराधियों में कानून का भय बना रहे।