राजधानी में पुलिस का डबल एक्शन: हथियार तस्कर और गांजा सप्लायर पकड़े
डी के सैनी
जयपुर (नवयत्न ) । राजधानी में अवैध हथियारों और मादक पदार्थों के खिलाफ जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) ने पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन एक्शन अगेंस्ट गन (आग)’ और ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत ब्रह्मपुरी और भांकरोटा थाना पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया । इन कार्रवाइयों में पुलिस ने एक अवैध पिस्टल,19 जिंदा कारतूस और करीब 36 किलोग्राम गांजा जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है ।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि सीएसटी ने ब्रह्मपुरी थाना इलाके में अवैध हथियार तस्करी के नेटवर्क पर प्रहार करते हुए कागदीवाड़ा पुलिया माउंट रोड पर दबिश दी । यहाँ संदिग्ध अवस्था में खड़े भारत भगवानी उर्फ भरतू (28) निवासी आमेर रोड को घेराबंदी कर पकड़ा गया । जहां तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 01 अवैध पिस्टल और 19 जिंदा कारतूस बरामद हुए । वहीं दूसरी कार्रवाई भांकरोटा थाना इलाके में की गई। जहां सीएसटी ने भांकरोटा इलाके में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ जाल बिछाया और बिन्दायक रोड स्थित श्याम मोटर्स के सामने से भंवर लाल कुमावत (34) निवासी जोबनेर जयपुर ग्रामीण को गिरफ्तार किया गया । आरोपी के कब्जे से 35.800 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है ।
जयपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अवैध गतिविधियों के विरुद्ध इस लड़ाई में पुलिस का सहयोग करें । अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अवैध हथियारों और मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा ।