रनर्स क्लब के दीपक शर्मा बने अध्यक्ष

डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न)। बदलती जीवनशैली के बीच स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति बढ़ती जागरूकता के चलते रनिंग को बढ़ावा देने वाले जयपुर रनर्स क्लब ने वर्ष 2026–28 के लिए नई नेतृत्व टीम की घोषणा की है। क्लब के अध्यक्ष पद पर दीपक शर्मा को नियुक्त किया गया है, जो आगामी दो वर्षों तक क्लब का नेतृत्व करेंगे।

क्लब की ओर से जारी जानकारी के अनुसार नई गवर्निंग काउंसिल का गठन भी किया गया है, जिसमें प्रवीण तिजारिया, रवि गोयनका और मुकेश मिश्रा शामिल हैं। यह काउंसिल नीतिगत निर्णय लेने के साथ नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया का नेतृत्व करेगी।

क्लब ने प्रशिक्षण को मजबूत बनाने के लिए रनिंग एकेडमी की शुरुआत की है। इसके तहत सेंट्रल पार्क, मालवीय नगर, निर्माण नगर और विद्याधर नगर में चार नए कोच नियुक्त किए गए हैं। इनमें मोहनीश, आकांक्षा सिंह, अरविंद सिंह, राजेश चौधरी और दिनेश चौधरी शामिल हैं, जो धावकों को पेशेवर प्रशिक्षण देंगे।

नवनियुक्त अध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा कि उनका लक्ष्य क्लब को फिटनेस और स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। जयपुर रनर्स क्लब लंबे समय से शहर में रनिंग संस्कृति को बढ़ावा देने और फिटनेस इवेंट्स के आयोजन के लिए जाना जाता है।

You might also like