घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई
नवरतन वर्मा
चूरू (नवयत्न)। रतनगढ़ तहसील के ग्राम सिमसिया बिदावतान में चूरू जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा के निर्देशानुसार जिला रसद टीम ने घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 42 घरेलू गैस सिलेंडर तथा 32 डायरी जब्त की। डीएसओ अंशु तिवाड़ी ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम, चूरू से प्राप्त शिकायत के आधार पर क्षेत्र तहसील के ग्राम सिमसिया बिदावतान स्थित एक लिखमीचन्द पुत्र ईश्वरराम के घर के 42 घरेलू गैस सिलेण्डर जब्त किए गए तथा मौके पर ही 32 घरेल गैस डायरी बरामद की। इसी के साथ प्लास्टिक बोतलों में भरा 20 लीटर पेट्रोल भी जब्त किया गया। उन्होंने बताया कि प्राप्त जानकारी के अनुसार इन सिलेण्डरों को उंचे दामों पर शादी-विवाह आदि में देने के लिए इकट्ठा किया गया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार शादी – विवाह वालों को ही सिलेंडर बिक्री कर 2 हजार से 4000 रूपये प्रति सिलेंडर के हिसाब से बेचना पाया गया हैl लिखमीचंद ई-मित्र संचालक भी है। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन निरीक्षक संपत कुमार, आशा कंवर आदि शामिल रहे।