गर्भवती महिलाओं व बच्चों का हुआ टीकाकरण
कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए सोशल डिस्टेंस रखकर किया गया टीकाकरण
सीकर, (जी एल सैनी)7 मई। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुरूवार को मातृ शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस मनाया गया। इसके तहत गांवों व सीकर शहर में गर्भवती महिलाओं व बच्चों को जीवनरक्षक टीके लगाए गए। वहीं कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए सोशियल डिस्टेंस का पूरा ध्यान रखा गया। वहीं टीकाकरण के बाद उप स्वास्थ्य केंद्र, पीएचसी, सीएचसी पर सेनेटाइजेशन गतिविधि भी की गई। वहीं सीकर शहर के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण का कार्य किया गया।
जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ निर्मल सिंह ने सीकर शहर में संचालित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कायस्थ मोहल्ला का निरीक्षण कर गर्भवती महिलाओं व बच्चों को दी गई सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सोशल डिस्टेंस रखने तथा टीकों के रखरखाव संबंधी निर्देश दिए।
आरसीएचओं डॉ निर्मल सिंह ने बताया कि विभाग की ओर से शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में राज्य सरकार की नई गाइड लाइन के तहत टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए। वहीं एक सत्र में ड्यू लिस्ट के अनुसार 15 लाभार्थियों के टीके लगाए गए। 15 से ज्यादा लाभार्थी होने पर उनको अलगे दिन नया सत्र पर बुलाने के लिए सभी बीसीएमओं व चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए गए है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अजय चौधरी ने बताया कि टीकाकरण सत्र पर सोशल डिस्टेंस के तहत लाभार्थियों के बीच एक मीटर की दूरी रखने तथा लाभार्थियों को एक साथ नहीं बुलाने, निश्चित समय पर मोबाइल पर संदेश भेजकर या फोन पर वार्ता कर बुलाने, दो बच्चों के टीके के अंतराल पर हाथों को साबुन व सेनिटाइजर से साफ करने, लाभार्थियों व अभिभावकों को कपड़े के मास्क लगाकर आने और टीकाकरण के बाद समस्त वेस्ट का कोविड-19 के निर्देशानुसार निस्पादन करने, टेबल, कुर्सी एवं स्थान को विसंकरण के लिए सोडियम हाइपो क्लोराइड का छिडक़ाव करने निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आईएलआई से पीडि़त गर्भवती महिला व बच्चा का टीकाकरण नहीं करने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को पाबंद करने के लिए सभी बीसीएमओ, चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए गए है।