रिटायर्ड फौजी की चाकू घोंपकर हत्या

ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे किया जाम

बिजेंद्र सिंह लमोरिया

चिड़ावा (नवयत्न)। थाना क्षेत्र के गांव बामनवास में रविवार रात एक रिटायर्ड फौजी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार सुबह दिल्ली-बीकानेर नेशनल हाईवे-11 पर जाम लगा दिया।

ऐसे हुई वारदात

पुलिस के अनुसार मृतक उदयवीर सिंह (50) रिटायर्ड फौजी थे और बामनवास गांव में पशु आहार की दुकान चलाते थे। उनका खेत गांव से करीब 2 किलोमीटर दूर स्थित है, जहां उन्होंने मकान भी बना रखा था। बताया जा रहा है कि उदयवीर अक्सर रात के समय टहलते हुए अपनी दुकान की ओर जाते थे।

रविवार रात करीब 8:30 बजे जब वे दुकान की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में गांव के ही अकरम से उनका सामना हो गया। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि अकरम अपने घर से चाकू लेकर आया और उदयवीर के पेट में लगातार तीन बार वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल उदयवीर वहीं गिर पड़ा। आसपास के लोग आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत चिड़ावा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से उपजिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हत्या के बाद गांव में तनाव-

हत्या की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने सोमवार सुबह बामनवास से करीब 3 किलोमीटर दूर लाखू के पास दिल्ली-बीकानेर नेशनल हाईवे-11 पर जाम लगा दिया। जाम के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने कई मांगें रखीं, जिनमें आरोपी की जल्द गिरफ्तारी, मृतक के परिवार को 1 करोड़ रुपये मुआवजा, बेटे को सरकारी नौकरी, गोचर भूमि से अवैध कब्जा हटाने की मांग शामिल है।

घटना की सूचना मिलते ही चिड़ावा, सूरजगढ़ और पिलानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालात को देखते हुए 9 थानों की पुलिस और RAC का जाब्ता तैनात किया गया है।

ग्रामीणों की मांग पर कलेक्टर अरुण गर्ग और एसपी कवेंद्र सागर को मौके पर बुलाने की मांग की गई। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए आसपास के कई थाना क्षेत्रों की पुलिस भी गांव में तैनात की गई है।

घटना के बाद कई जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे, जिनमें भाजपा की पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष अहलावत, पूर्व विधायक सुभाष पूनिया, ओबीसी आयोग के सदस्य पवन मावंडिया, भाजपा नेता राजेश दहिया और पूर्व प्रधान बलवान सिंह शामिल हैं।

मृतक का परिचय-

ग्रामीणों के अनुसार उदयवीर सिंह भारतीय सेना में हवलदार पद से वर्ष 2011 में रिटायर्ड हुए थे। इसके बाद वे गांव में पशु आहार का व्यवसाय कर रहे थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और दो बेटियां हैं। बेटा दिनेश दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है, जबकि दोनों बेटियां जयपुर में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही हैं।

ग्रामीणों ने आरोपी अकरम पर गोचर भूमि पर अवैध कब्जा कर दुकान चलाने का आरोप भी लगाया है। इसी को लेकर पहले भी विवाद की स्थिति बनी हुई थी।

फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और गांव में शांति बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

You might also like