इंस्टाग्राम पर लिखा आखिरी संदेश ” तेरे बिना नहीं रह सकता, मैं भी आ रहा हूं।” मिस यू भारती
जय जांगिड़
झुंझुनूं (नवयत्न) । जिले के सुलताना थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां पत्नी की आत्महत्या से आहत पति ने भी कुछ ही देर बाद ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस दर्दनाक घटनाक्रम से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुलताना थाना क्षेत्र के पदमपुरा गांव निवासी सचिन कांटीवाल (25) जयपुर में मजदूरी करता था और दो-तीन दिन पहले ही गांव आया था। शनिवार सुबह किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसके बाद सचिन जयपुर के लिए रवाना हो गया, जबकि उसकी पत्नी भारती (23) ने घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
बताया जा रहा है कि जैसे ही सचिन को रास्ते में पत्नी की मौत की सूचना मिली, वह गहरे सदमे में आ गया। उसने इंस्टाग्राम पर अंतिम संदेश लिखा— “मैं तेरे बिना नहीं रह सकता, मैं भी आ रहा हूं।” इसके बाद नवलगढ़ के दुर्जनपुरा के पास ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही थाना अधिकारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
परिजनों के अनुसार सचिन की शादी वर्ष 2024 में खीवांसर निवासी भारती से हुई थी। दोनों का एक साल का बेटा भी है और दो दिन पहले ही उसका जन्मदिन मनाया गया था। परिवार वालों का कहना है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच अनबन चल रही थी और शनिवार को भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
मृतक के पिता सुभाष ने बताया कि भारती की मां की तबीयत खराब थी और वह पीहर जाना चाहती थी, लेकिन किसी कारणवश नहीं जा पाई। इसी बात को लेकर घर में तनाव बना हुआ था। उन्होंने बताया कि बहू लगातार झगड़ा कर रही थी, जिस पर उन्होंने समझाइश का प्रयास भी किया और परिजनों को बुलाकर मामला शांत कराने की कोशिश की।
वहीं इस मामले में मृतिका भारती के भाई चमन प्रकाश ने सुल्ताना थाने में मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट में आरोप लगाते हुए कहा है की शादी के बाद से ही भारती को दहेज के लिए ससुर, सास और ननद द्वारा मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था जिससे तंग आकर उसने यह कदम उठाया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घटना के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। इस दुखद घटना ने एक बार फिर पारिवारिक विवादों के गंभीर परिणामों की ओर इशारा किया है।