भारत में दिसंबर तक सबसे ज्यादा 2 करोड़ बच्चे पैदा हो सकते हैं
नई दिल्ली 8 मई। इस साल भारत में मार्च से दिसंबर के बीच सबसे अधिक 2 करोड़ बच्चे पैदा हो सकते हैं। यह अनुमान यूनाइटेड नेशंस चिल्ड्रन्स फंड यानी यूनिसेफ ने 10 मई को आने वाले मदर्स डे से पहले लगाया है। यूनिसेफ के मुताबिक, 11 मार्च से 16 दिसंबर के बीच दुनियाभर में कुल 11 करोड़ 60 लाख बच्चों के पैदा होने का अनुमान है। इसमें अकेले भारत में 2.1 करोड़, जबकि चीन में 1.35 करोड़ बच्चे जन्म लेंगे। यूनिसेफ ने कहा कि कोरोना संक्रमण की वजह से मां और बच्चे को जिंदगी की कठोर सच्चाई का सामना करना पड़ सकता है। कोविड-19 की रोकथाम के लिए दुनियाभर में कर्फ्यू और लॉकडाउन जैसे हालात हैं। ऐसे में जरूरी दवाओं और उपकरणों का अभाव, एएनएम और हेल्थ वर्कर्स की कमी से गर्भवती महिलाओं को जूझना पड़ेगा। संक्रमण के डर की वजह से गर्भवती महिलाएं खुद भी हेल्थ सेंटर्स पर जाने से कतराएंगी।