प्रीमियर लीग रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी उपखंड के जसरापुर गांव के पंडित सच्चिदानंद जोशी स्टेडियम में मेटालिक्स लिमिटेड के सौजन्य से जसरापुर प्रीमियर लीग रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता (फर्स्ट सीजन) का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिवकुमार सुरेलिया थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विवेक शर्मा ने की।
कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम अतिथियों ने विधिवत रूप से फीता काट कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शिवकुमार सुरेलिया ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि खेलों से अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है, जो जीवन में सफलता के लिए बेहद जरूरी है। ऐसे आयोजन लगातार होने चाहिए, जिससे युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलें।
विशिष्ट अतिथि झंडूराम गुर्जर ने कहा कि गांवों में खेलों के प्रति बढ़ता रुझान सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी ऊर्जा सही दिशा में लगाने का अवसर मिलता है और ग्रामीण स्तर पर प्रतिभाओं को पहचान मिलती है।
उद्घाटन मैच का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ। उद्घाटन मैच हिरवा और के एस एकेडमी बगड़ के बीच खेला गया। हिरवा ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया। के एस एकेडमी बगड़ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवर में 65 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिरवा टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5.3 ओवर में 2 विकेट खोकर 66 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया और प्रतियोगिता की विजयी शुरुआत की। मैच में अंपायर की भूमिका संदीप मीणा और धर्मा गुर्जर ने निभाई। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार हिरवा के खिलाड़ी अक्षय कुमार को दिया गया। इस मौके पर झंडूराम गुर्जर, सिद्धार्थ शर्मा, रामचंद्र गुर्जर पंच, ग्यारसीलाल गुर्जर, जितेंद्र कुमावत, सांवतराम जांगिड़, राजेश जलेन्द्रा, रामावतार स्वामी, शंकरलाल बोहरा, धर्मपाल गुर्जर, अंकित, सुरेश सैनी, देवीजय योगी, योगेश पांडे, हनीफ अली, सलीम अली, रामूराम खींची, सुंदरलाल सेदुका, जीतू फौजी, ओमप्रकाश टोड़पुरिया सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।