जापानी महिला पर्यटक से छेड़छाड़ मामला

डी के सैनी

जयपुर (नवयत्न ) । गुलाबी नगरी की छवि खराब करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आमेर थाना पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। आमेर और जयगढ़ महल घूमने आई एक जापानी महिला पर्यटक के साथ छेड़छाड़ करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक आरोपी को पहले ही पकड़ा जा चुका है, जबकि एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया गया है।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करन शर्मा ने बताया कि 5 अप्रैल 2026 को जापानी पर्यटक के साथ 3-4 युवकों ने छेड़छाड़ की थी। इस घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नीरज कुमार पाठक और सहायक पुलिस आयुक्त सुरेन्द्र सिंह राणावत के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। थानाधिकारी डॉ. गौतम डोटासरा के नेतृत्व में टीम ने आमेर और जयगढ़ फोर्ट के रास्तों पर लगे करीब 250 से 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले और वाहनों के नंबरों और फुटेज के आधार पर पुलिस ने साहिल खान और अरशद खान को गिरफ्तार किया है। वहीं इस पूर्व में
अमुम्दीन उर्फ आमिर को पूर्व में ही गिरफ्तार कर चुकी है। इसके अलावा
एक बाल अपचारी को भी इस मामले में निरुद्ध किया गया है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रीति कुमारी, मनीष कुमार, रमेश कुमार, गिरधारी लाल सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि देशी-विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा के लिए आमेर पुलिस हमेशा सजग और सतर्क है।

You might also like