एसीबी टीम देख पुलिस गाड़ी लेकर फरार हुआ आरोपी कांस्टेबल
विजेंद्र लामोरिया
चिड़ावा (नवयत्न ) । शहर में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की कार्रवाई के दौरान एक आरोपी पुलिसकर्मी टीम को चकमा देकर फिल्मी अंदाज में फरार हो गया। इस दौरान आरोपी ने टीम के सदस्यों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया, जिसमें एसीबी का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।
रिश्वत लेते ही बिछाया जाल-
जयपुर एसीबी के डिप्टी एसपी सुरेंद्र पंचोली ने बताया कि चिड़ावा थाने में तैनात पुलिस गाड़ी के चालक कांस्टेबल अनिल कुमार के खिलाफ शिकायत मिली थी। आरोपी कांस्टेबल लकड़ी से भरी गाड़ियों को छोड़ने के बदले उनके ड्राइवरों से लगातार रिश्वत मांग रहा था। शिकायत के सत्यापन के बाद शुक्रवार को एसीबी टीम ने जाल बिछाया।
थाने की गाड़ी लेकर भागा आरोपी-
जैसे ही परिवादी ने आरोपी अनिल कुमार को रिश्वत की राशि थमा दी। इसके बाद आरोपी थाने की गाड़ी में बैठ गया। वहीं इसके बाद पास ही तैनात एसीबी टीम ने उसे दबोचने का प्रयास किया लेकिन टीम की भनक लगते ही आरोपी ने आपा खो दिया। उस वक्त वह थाने की सरकारी गाड़ी में था, जिसमें वो धारा 151 के तहत पकड़े गए कुछ मुल्जिम को मेडिकल के लिए ले जाने वाला था।
आरोपी ने गाड़ी को रोकने के बजाय उसे रिवर्स गियर में डाला और बेहद तेज रफ्तार से दौड़ने लगा। एसीबी टीम के सदस्य कांस्टेबल लक्ष्मी नारायण ने हिम्मत दिखाते हुए गाड़ी की ड्राइवर साइड की खिड़की को पकड़ लिया और उस पर लटक गए।
अन्नपूर्णा स्वीट्स के पास संघर्ष
टीम सदस्य घायल-
आरोपी कांस्टेबल करीब एक-डेढ़ मिनट तक लक्ष्मी नारायण को गाड़ी के साथ घसीटता रहा। उसने लक्ष्मी नारायण को गिराने के लिए गाड़ी को बुरी तरह झुलाया (कट मारे)। अन्नपूर्णा स्वीट्स के पास सड़क किनारे खड़ी एक अन्य कार से लक्ष्मी नारायण जा टकराए और गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। इसी का फायदा उठाकर आरोपी अनिल कुमार सरकारी गाड़ी सहित मौके से रफूचक्कर हो गया।
घायल जवान झुंझुनूं रैफर
आरोपी की तलाश जारी-
घटना के तुरंत बाद घायल लक्ष्मी नारायण को चिड़ावा उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए झुंझुनूं रेफर कर दिया गया है। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। फिलहाल, कस्बे के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पुलिस व ACB की कई टीमें आरोपी कांस्टेबल अनिल कुमार की तलाश में जुटी हैं। इस घटना ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है।
“आरोपी ने जानबूझकर टीम सदस्यों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। संकरी गलियों और रिहायशी इलाका होने के कारण वह फरार होने में सफल रहा। इस पूरे घटनाक्रम और राजकार्य में बाधा डालने को लेकर आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।” — सुरेंद्र पंचोली, डिप्टी एसपी, एसीबी जयपुर