नगरपरिषद् का नवाचार: 625 परिवारों में बच्चों के लिए बांटा 312 किलो दूध
राज्य में चर्चित रहा चूरू नगरपरिषद् का जैविक सब्जी उत्पादन आत्मनिर्भरता का नवाचार
चूरू,(पीयूष शर्मा)8 मई। वैश्विक महामारी कोरोना काल में आमजन को सब्जी उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए जैविक बीज वितरण का अनूठा नवाचार कर राज्य भर में चर्चित रही चूरू नगरपरिषद् ने शुक्रवार को शहर के जरूरतमंद परिवारों के बच्चों की सेहत की सुध लेकर दूध वितरण किया।
सभापति पायल सैनी की अपील ‘कोई भूखा ना सोए’ पर शहर के भामाशाह बालान परिवार ने परिषद के माध्यम से 625 परिवारों को बच्चों के लिए दूध के पैकेट बांटे। सभापति के मुताबिक अब तक भामाशाहों के सहयोग से नगरपरिषद् जरूरतमंदों को राशन किट वितरण, वार्ड सैनेटाईजेशन, मास्क-साबुन वितरण सहित अन्य काम कर चुकी है। शुक्रवार को शहर के चारों तरफ झुग्गियों में रह रहे परिवारों के बच्चों को भामाशाह आशाराम आनंदकुमार बालान के आर्थिक सहयोग से 312 किलो दूध वितरित किया गया। गौरतलब है कि हाल ही में आमजन को सब्जी उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने व उन्हें जैविक सब्जियां उपलब्ध करवाने के लिए सब्जियों के बीज किट वितरण की सभापति पायल सैनी की इस अनूठी पहल को राज्यभर में सराहा गया। दूध वितरण के दौरान आयुक्त द्वारकाप्रसाद, पार्षद सुशीला सुंडा, सरोज सैनी व शाहरूख खान आदि मौजूद थे।
सेवा भावना से काम कर रही परिषद
इस मौके पर मीडिया से बातचीत के दौरान सभापति पायल सैनी ने कहा कि कोरोना महामारी के इस मुश्किल दौर में चूरू नगर परिषद प्रदेश के संवेदनशील मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में सेवा भावना से काम कर हर जरूरतमंद की मदद कर रही हैै।