एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स की सूचना पर तीन शातिर तस्कर गिरफ्तार
डी के सैनी
जयपुर ( नवयत्न ) । राजस्थान सरकार की नशा मुक्त राजस्थान संकल्पना और अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स जयपुर की सटीक सूचना पर पाली जिले के थाना सिरियारी और मारवाड़ जंक्शन पुलिस की संयुक्त टीम ने बिठोड़ा कलां में दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ एम.डी. ड्रग बरामद किया।
पुलिस अधीक्षक पाली मोनिका सेन ने बताया कि शनिवार प्रातः काल एजीटीएफ जयपुर के एएसआई राकेश जाखड़ से प्राप्त तकनीकी सूचना के आधार पर थानाधिकारी सिरियारी मय जाब्ता ने ग्राम बिठोड़ा कलां थाना मारवाड़ जंक्शन में संदिग्ध शेर खां के आवासीय मकान पर घेराबंदी की। नियमानुसार तलाशी लेने पर मकान की छत पर बने कमरे से तीन युवकों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस टीम द्वारा ली गई तलाशी में सोफे के नीचे से 74.13 ग्राम अवैध एम.डी. ड्रग बरामद की गई। इसके साथ ही एम.डी. तैयार करने में प्रयुक्त उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक कांटे, खाली थैलियां और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों शेर खां (25) पुत्र इब्राहीम खां निवासी बिठोड़ा कलां व राहुल मीणा (20) पुत्र सुखाराम निवासी चैलावास थाना मारवाड़ जंक्शन और अजय उर्फ रवि (23) पुत्र छगनचन्द निवासी सिंचाणा थाना सिरियारी को गिरफ्तार किया है।
इस पूरी कार्रवाई की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ई-साक्ष्य एप के माध्यम से वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की गई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने यह मादक पदार्थ लक्ष्मण वादी और मोतीसिंह राजपूत निवासी बिठोड़ा कलां से खरीदना स्वीकार किया है, जिनकी तलाश हेतु टीमें रवाना कर दी गई हैं।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक पाली के निर्देशानुसार प्रकरण का अग्रिम अनुसंधान थानाधिकारी सोजत सिटी श्री देवेन्द्र सिंह द्वारा किया जा रहा है ताकि इस नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज का खुलासा किया जा सके।