प्रधानाचार्य की प्रेरणा बनी उड़ान का आधार, चार बालिकाओं ने भरी हवाई उड़ान
गजेंद्र सिंह
सरदारशहर (नवयत्न)। राणासर बिकान स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में संस्था प्रधान की प्रेरणा ने छात्राओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा दिया। सत्र 2024-25 में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान संस्था प्रधान राजेश पांडिया द्वारा की गई घोषणा—कि कक्षा 10वीं व 12वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को हवाई यात्रा करवाई जाएगी—ने विद्यार्थियों को विशेष रूप से प्रेरित किया।
इस घोषणा का सकारात्मक परिणाम सामने आया। गत सत्र में दो विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर दिल्ली से जयपुर तक हवाई यात्रा का अनुभव हासिल किया। वहीं इस वर्ष विद्यालय की चार बालिकाओं ने इस लक्ष्य को प्राप्त कर नई मिसाल कायम की। इनमें से तीन छात्राओं ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित कर यह साबित कर दिया कि ग्रामीण क्षेत्र में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उचित प्रोत्साहन और मार्गदर्शन की होती है।
कक्षा 12वीं की छात्रा चंदा नाई (96.40%), रितु जोशी (95.40%) और अरुणा कंवर (95.20%) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। इन सभी छात्राओं को पहले वंदे भारत ट्रेन से दिल्ली की यात्रा करवाई गई, जहां उन्होंने राजधानी के प्रमुख दर्शनीय स्थलों का भ्रमण किया। इसके बाद दिल्ली से जयपुर तक हवाई यात्रा करवाई गई।
यह पूरी शैक्षणिक यात्रा विद्यालय की शिक्षिका दीपिका मीना के कुशल निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। विद्यालय प्रशासन की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही।