मासूमियत पर दरिंदगी का साया: ग्रामीणों की सतर्कता से बची 4 साल की बच्ची, आरोपी गिरफ्तार
निसं
पिलानी (नवयत्न)। जिले के ग्रामीण क्षेत्र में एक साढे चार साल की अबोध बच्ची के साथ मानवता को शर्मसार करने की घटना सामने आई है। गांव के लोगों ने आरोपी दरिंदे के चंगुल से बच्ची को छुटवा कर धुनाई कर डाली तथा पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार मंगलवार दोपहर में गांव में एक साढे चार साल की बच्ची अपने घर के आगे खेल रही थी। इसी समय शराब के नशे में आरोपी अपने घर से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित बच्ची के घर के पास पहुंचा तथा बच्ची को टॉफी दिलवाने का झांसा देकर अपने साथ लेकर गांव के बीच से होता हुआ एक किलोमीटर दूर गांव के पुराने जर्जर स्कूल भवन पहुंचा। जर्जर भवन में आरोपी बच्ची से दरिंदगी करने का प्रयास कर रहा था। इधर घर के आगे से बच्ची के अचानक गायब होने पर परिवार के लोग उसे खोजते हुए स्कूल के जर्जर भवन पहुंचे थे। परिजनों को देख कर आरोपी ने मौके से भागने का प्रयास किया। मगर परिजनों की सजगता से वह भाग नहीं पाया। इसी दौरान होहल्ला सुन कर गांव के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए तथा आरोपी को पकड़ कर जमकर धुनाई कर डाली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी राजेश को अपने कब्जे में ले लिया। थानाधिकारी ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से आरोपी दरिंदे तथा बच्ची को अपने कब्जे में लेकर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची का मेडिकल करवाया है।उन्होंने बताया कि आरोपी पचास साल का है तथा घटना के समय शराब के नशे में था।उन्होंने बताया कि एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए हैं।