राजकीय विद्यालय में प्रतिभा सम्मान समारोह: मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी उपखंड के बीलवा के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सूबेदार मेजर गंगाराम रहे, जबकि अध्यक्षता प्रधानाचार्य डॉ. चरण सिंह ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ हुआ। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सूबेदार मेजर गंगाराम ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि कठिन परिश्रम, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच से ही लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से भी आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करें और उन्हें राजकीय विद्यालयों में प्रवेश दिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करें।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय टॉपर निशा पुत्री हेमराज ने 93.80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि विकास सिंह राठौड़ ने 90 प्रतिशत, गरिमा कंवर ने 88.50 प्रतिशत, रवि बबेरवाल ने 88 प्रतिशत, करीना ने 87 प्रतिशत तथा रोहित कुमार ने 83.67 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा साफा पहनाकर, माल्यार्पण कर एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनका उत्साहवर्धन हुआ।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का भी गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। अतिथियों ने नवागंतुक विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताते हुए उन्हें नियमित अध्ययन और अनुशासन का पालन करने की सलाह दी। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेल गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें फुटबॉल मैच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समारोह के अंत में प्रधानाचार्य डॉ. चरण सिंह ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों को प्रोत्साहन मिलता है और वे भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ, बी.एड. इंटर्न, अभिभावक एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।