राजकीय उप जिला अस्पताल में लैब टेक्नीशियन स्वास्थ्य दिवस पर हुआ कार्यशाला का आयोजन

निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी के गवर्नमेंट अजीत अस्पताल में बुधवार को लैब टेक्नीशियन स्वास्थ्य दिवस पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान मरीजों को स्वास्थ्य के प्रति महत्वपूर्ण जानकारियां देकर जीवन को बेहतर बनाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पीएमओ डॉ अक्षय कुमार शर्मा थे, जबकि अध्यक्षता तकनिकी सहायक अशोक दोचानिया ने की। कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम अतिथियों ने लैब टेक्नीशियन के जनक जैनेरिक जाॅनसन की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर याद किया। कार्यक्रम में अशोक दोचानिया ने कहा कि आज के समय में बदलती जीवन शैली से मनुष्य बीमारियों की गिरफ्त में आ रहा है। खान-पान का ध्यान नहीं रखने से बीमारियां शरीर पर ज्यादा हावी हो रही हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होकर खानपान पर ध्यान देना चाहिए तथा नशे की चीजों से दूर रहकर स्वास्थ्य को बेहतर बनाना चाहिए। किसी प्रकार का नशा शरीर के संपर्क में आने से शरीर का इम्यूनिटी पावर कमजोर हो जाता है और मनुष्य का शरीर बीमारियों की चपेट में आ जाता है,जिससे लगातार स्वास्थ्य की गिरावट होती रहती है और मनुष्य का शरीर गंभीर बीमारियों से ग्रस्त हो जाता है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में योग पद्धति से गंभीर बिमारियों को जड़ से खत्म किया जा सकता है। पहले के दौर में गंभीर बीमारियां होने पर प्रत्येक व्यक्ति को चिकित्सा सुविधाएं समय पर मुहैया नहीं हो पाती थी। जिसे बीमारी से ग्रस्त व्यक्ति अकाल मृत्यु का शिकार हो जाता था। केंद्र व राज्य सरकार की ओर से आमजन को बीमारियों से मुक्त करने को लेकर अनेक प्रकार की स्वास्थ्य योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूक होकर उनका लाभ उठाना चाहिए। वहीं अस्पताल में आए मरीजों को स्वास्थ्य के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां देकर बेहतर खानपान करने, बीमारी होने पर समय पर उपचार कराने की सलाह दी गई। इस मौके पर सीनियर एलटी अमित जांगिड़, नर्सिंग आफिसर रितू चौधरी, एलए विजेश सैनी, सुरेंद्र दायमा, एलटी मनोज सैनी, सुनील कुमार, डॉ शीशराम गुर्जर, विकास सैनी सहित अनेक लोग मौजूद थे।

You might also like