टायर गोदाम में लगी भीषण आग

डी के सैनी

जयपुर (नवयत्न ) । शहर के लाल कोठी थाना इलाके स्थित संजय मार्केट में बुधवार दोपहर एक चार मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर बने टायर गोदाम में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया और आसपास के क्षेत्र में धुएं का गुबार छा गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की करीब आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने केमिकल फोम की मदद से करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। संकरी गलियों के कारण फायर ब्रिगेड को राहत कार्य में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। आग बुझाने के लिए गोदाम का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा।
थानाधिकारी प्रकाश विश्नोई के अनुसार, संजय मार्केट स्थित यह चार मंजिला इमारत शहजाद, फरकान और शाहनवाज की है। ग्राउंड फ्लोर पर ‘ब्लैक स्टोर’ कंपनी को टायर स्टोरेज के लिए किराए पर दिया गया था, जबकि ऊपरी तीन मंजिलों पर लोग निवास कर रहे थे। बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे टायर गर्म करने के दौरान उठी चिंगारी से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
आग लगते ही इमारत में रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। कई लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए अपने घरों से गैस सिलेंडर बाहर निकाल लिए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। वहीं, धुएं के कारण पहली मंजिल पर फंसे कुछ लोगों ने जान बचाने के लिए नीचे छलांग लगा दी, हालांकि गनीमत रही कि इस दौरान कोई घायल नहीं हुआ।
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसे पुलिस ने समझाइश कर हटाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोदाम में अग्निशमन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और फायर एनओसी भी नहीं ली गई थी।
समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो यह हादसा और भी भयावह रूप ले सकता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

You might also like