कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की सतर्कता से युवती को मिली राहत
डी के सैनी
जयपुर (नवयत्न ) । राजधानी जयपुर में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवती का पीछा कर उसे परेशान करने वाले युवक को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर योगेश दाधीच के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रानू शर्मा के नेतृत्व में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट लगातार सार्वजनिक स्थानों—जैसे शैक्षणिक संस्थान, गर्ल्स हॉस्टल, पीजी, मॉल, पार्क और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों—में महिलाओं की सुरक्षा के लिए गश्त कर रही है। टीम का मुख्य उद्देश्य छेड़छाड़, पीछा करने (स्टॉकिंग) और अश्लील हरकतों जैसी घटनाओं की रोकथाम करना है।इसी दौरान मुरलीपुरा थाना क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान एक युवती ने टीम से संपर्क कर बताया कि एक युवक पिछले 2-3 दिनों से उसका पीछा कर रहा है और मिलने का दबाव बना रहा है, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान है और उसकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। युवती ने अपनी लोकेशन साझा करते हुए बताया कि आरोपी युवक उसके पीछे-पीछे रोड नंबर 5 स्थित एक कैफे तक पहुंच गया है और वहां जबरदस्ती व विवाद कर रहा है। सूचना मिलते ही कालिका पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान युवक ने आक्रामक व्यवहार करते हुए गाली-गलौज और झगड़ा करने की कोशिश की। इसके बाद ईआर 112 की मदद से उसे हिरासत में लेकर हरमाड़ा थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पवन चांदोलिया (25) निवासी भगवान नगर विस्तार, हरमाड़ा घाटी, जयपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने पीड़िता को आश्वस्त कर सुरक्षित किया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की इस तत्पर कार्रवाई से स्पष्ट है कि जयपुर पुलिस महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त रुख अपना रही है।